अलवर : पहाड़ दरकने से पोकलेन मशीन सहित संचालक 100 फुट गहरी पानी भरी खाई में समाया

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के खनन क्षेत्र में खनन के दौरान अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा दरकने से वहां कार्यरत पोकलेन मशीन संचालक मशीन सहित पानी से भरी करीब सौ फुट गहरी खाई में गिर गया। रामगढ़ उपखण्ड के ओडेला गांव में यह हादसा शुक्रवार सायं करीब साढ़े छह बजे खनन लीज संख्या 414 में हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरु किया, लेकिन क्षेत्र में ऊंची पहाड़ियां, गहरी खाइयां और घना अंधेरा राहत एवं बचाव कार्य में बड़ी बाधा बन गया। घटनास्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से प्रशासन देर रात तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सका। बाद में देर रात प्रकाश की व्यवस्था की गई, लेकिन तब तक हालात बेहद चुनौतीपूर्ण बन गए।

घटनास्थल पर मौजूद तहसीलदार अंकित गुप्ता ने शनिवार को बताया कि हादसे के बाद लीज का संचालन करने वाले लोग मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार इस लीज में बिहार के बक्सर जिले का निवासी रामानंद तिवारी पोकलेन मशीन चला रहा था। पहाड़ दरकते ही संचालक और मशीन दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका। आशंका जताई जा रही है कि पोकलेन मशीन सहित वह पानी से भरी गहरी खाई में दब गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे से पहले तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद करीब फुट ऊंचाई से पहाड़ का बड़ा हिस्सा खिसक गया। करीब 50 हजार टन मलबा और पत्थर खनन कार्य कर रही पोकलेन मशीन पर आ गिरा। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

शनिवार सुबह करीब नौ बजे राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और गोताखोरों के दल घटनास्थल पर पहुंचे। गहरे पानी भरी खाई में राहत कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण बताया जा रहा है। संचालक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जो घटनास्थल पर पहुंचने वाले हैं।

वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यहां लंबे समय से अवैध खनन किया जा रहा था। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह लीज बंद बताई जा रही है, लेकिन रात के समय पोकलेन मशीन से अवैध खनन किया जाता था। ग्रामीणों न कहा नियमों की अनदेखी और अवैध खनन के कारण ही यह बड़ा हादसा हुआ है।