राजस्थान में प्रथम चरण के चुनाव के लिए चुनाव प्रचार का शोर थमा

जयपुर। राजस्थान में 19 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए बुधवार शाम छह बजे चुनाव प्रचार का शोर थम गया। प्रथम चरण में मतदान के लिए अंतिम 48 घंटों के लिए चुनाव प्रचार की गतिविधियां शाम 6 बजे थम जाने के बाद उम्मीदवारों ने घर घर जाकर अपना प्रचार शुरु किया।

इससे पहले चुनाव प्रचार के अंतिम समय तक राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों एवं निर्दलीय प्रत्याशियों ने प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी। पहले चरण में जिन 12 लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव होना है उनमें गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझूनूं, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर लोकसभा क्षेत्र शामिल हैं।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि प्रथम चरण में मतदान के अंतिम 48 घंटों के लिए चुनाव प्रचार गतिविधियां थम गई जो लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126 के अनुसार इन लोकसभा क्षेत्रों में मतदान की समाप्ति के लिए नियत समय से 48 घंटों की मतदान समाप्ति अवधि 19 अप्रैल को शाम छह बजे तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि के दौरान अंतरराज्यीय सीमाएं भी सील रहेंगी। साथ ही, इन क्षेत्रों में शराब की बिक्री पर प्रतिबंध के साथ सूखा दिवस रहेगा।

गुप्ता ने बताया कि प्रथम चरण के मतदान के लिए 23 हजार 651 मतदान केन्द्र एवं 719 सहायक मतदान केन्द्रों को मिलाकर कुल 24 हजार 370 मतदान केन्द्र बनाये गए है। दूसरे चरण के मतदान के लिए 28 हजार 105 मतदान केन्द्र एवं 651 सहायक मतदान केन्द्रों को मिलाकर 28 हजार 756 मतदान केन्द्र है। इस तरह से प्रदेश में कुल 53 हजार 126 मतदान केन्द्र है। लोकसभा चुनाव 2019 में मतदान केन्द्रों की संख्या 51 हजार 965 थी और उस समय प्रथम चरण के चुनाव में 23 हजार 783 मतदान केन्द्र थे जो इस बार प्रथम चरण के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 587 मतदान केन्द्रों की बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के 12 लोकसभा क्षेत्रों में 2.54 करोड़ से अधिक मतदाता शुक्रवार को अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। सभी क्षेत्रों की मतदाता सूचियां विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।

इन मतदाता सूचियों में प्रथम चरण में दो कराेड़ 54 लाख 29 लाख 610 मतदाता पंजीकृत हैं जबकि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में इन क्षेत्रों में 2.32 करोड़ मतदाता थे। 12 लोकसभा क्षेत्रों में दो 53 लाख 15 हजार 541 सामान्य मतदाता हैं, जिनमें एक करोड़ 32 लाख 89 हजार 538 पुरुष, एक करोड़ 20 लाख 25 हजार 699 महिला एवं 304 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इनके साथ ही इस क्षेत्रों से एक लाख 14 हजार 69 सर्विस वोटर है।

उन्होंने बताया कि इस चुनाव में 18-19 वर्ष उम्र के लगभग 7.99 लाख नव मतदाता पहली बार लोकसभा के लिए मतदान कर सकेंगे। इन क्षेत्रों में कुल दो लाख 51 हजार 250 दिव्यांग मतदाता हैं। गुप्ता ने बताया कि प्रथम चरण के 12 लोकसभा क्षेत्रों में सर्वाधिक मतदाता जयपुर में 22 लाख 88 हजार 793 हैं जबकि दौसा लोकसभा क्षेत्र में सबसे कम 19 लाख तीन हजार 520 मतदाता हैं। प्रदेश में 100 वर्ष से अधिक उम्र के 8699 मतदाताओं में से सबसे अधिक इनकी संख्या झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र में है।