कांग्रेस ने नहर के नाम पर लोगों को गुमराह किया : भजनलाल शर्मा

झुंझुनूं। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर यमुना नहर के नाम पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस ने तुष्टीकरण के अलावा कुछ नहीं किया।

भजनलाल एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने बुधवार को झुंझुनूं एवं सीकर लोकसभा सीट के क्लस्टर तथा कोर कमेटी की बैठक में उपस्थित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि शेखावाटी में यमुना नहर के पानी के नाम पर यहां की जनता को गुमराह कर वोट मांगते रहे। पिछले 75 साल से यहां के गांवों में पानी की समस्या बनी हुई है। हमारी सरकार बनने पर हमने यहां के लोगों की पानी की समस्या का समाधान करवाने की दिशा
में सकारात्मक प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि हमारी मांग पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बात सुनी और तत्काल यमुना के पानी की मांग को पूरा किया। यमुना जल समझौते को लागू कर यहां के किसानों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ऊपर तंज कसते हुये कहा कि हम आलू से सोना तो नही बना सकते, लेकिन तीनों जिलों में जब यमुना का पानी आ जायेगा, तो यहां की जमीन जरूर सोना उगलेगी।

जोशी ने कहा कि कांग्रेस को जनता ने नकार दिया है, हमारी पूरी तैयारी है। राजस्थान में क्लीन स्वीप करेंगे। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने विकसित राष्ट्र की परिकल्पना में काम किया है। जनता ने भी श्री मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प ले लिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में हमें बूथ स्तर पर बहुत ही बड़ी जीत हासिल करनी है, जिससे हम मोदी जी का सपना साकार कर सकें। बैठक में झुंझुनूं और सीकर के जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी भी शामिल हुए।