भीलवाड़ा में 19 फरवरी से हरिशेवा उदासीन आश्रम परिसर में आयोजन
भीलवाड़ा। धर्मनगरी भीलवाड़ा में हरिशेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर भीलवाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज के मार्गदर्शन में 19 से 26 फरवरी तक होने वाले सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों से विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया जा रहा है।
हंसगंगा हरिशेवा के भक्त मण्डल के सदस्यों ने शनिवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर उन्हें इस आयोजन के लिए आमंत्रित किया। बिरला ने सनातन एकता का संदेश देने के लक्ष्य से हो रहे इस आयोजन के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त की।
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने बताया कि आयोजन समिति सनातन मंगल महोत्सव के लिए राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दीयाकुमारी एवं प्रेमचंद बैरवा से भी मुलाकात कर उन्हें आमंत्रित कर चुकी है। प्रतिदिन विभिन्न विशिष्टजनों से मुलाकात कर उन्हें समारोह के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
सनातन मंगल महोत्सव के अंतिम दिन 26 फरवरी को सुबह 9 बजे से हरिशेवाधाम परिसर में बने विशाल पांडाल में दीक्षा दान समारोह एवं संत समागम का आयोजन होगा। इसमें तीन दीक्षार्थी ब्रह्मचारी इन्द्रदेव, कुनाल एवं सिद्धार्थ को विधिपूर्वक दीक्षा प्रदान की जाएगी। आठ दिवसीय सनातन मंगल महोत्सव का आगाज 19 फरवरी को सुबह 9 बजे श्रीमद् भागवत महापुराण कलश यात्रा से होगा। कलश यात्रा पोस्टऑफिस के सामने स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर हरिशेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर पहुचेंगी।
महोत्सव के तहत 19 से 25 फरवरी तक श्रीधाम वृन्दावन के कथा व्यास डॉ. श्यामसुन्दर पाराशर के मुखारबिंद से श्रीमद भागवत कथा का वाचन होगा। महोत्सव के दौरान विश्व शांति, सर्व संकट निवारण एवं विश्व कल्याण की भावना से प्रतिदिन सुबह 8 बजे से वैदिक अग्नि अनुष्ठान पंचकुण्डीय श्री विष्णु महायज्ञ का आयोजन होगा। प्रतिदिन सुबह 8 बजे से श्री अष्टोतर शत (108) भागवत मूल पाठ एवं शतचण्डी पाठ होगा। सनातन मंगल महोत्सव के दौरान अनावरत अखण्ड श्रीमद् भगवतगीता पाठ, श्री रामचरितमानस पाठ, श्रीचंद सिद्धांत सागर पाठ, अखण्ड श्री रामनाम संकीर्तन होगा।
काशी के यज्ञाचार्य कामेश्वरनाथ तिवारी के सानिध्य में यज्ञ सम्पादन एवं चारों वेद के मूल पाठ का पारायण होगा। प्रतिदिन शाम 7 बजे से श्रीधाम वृन्दावन के रसिकाचार्य कुंजबिहारी शर्मा श्री निकुंज बिहारी रासलीला मण्डल के लीलाकारों द्वारा रासलीला का आयोजन होगा। महोत्सव में प्रतिदिन शाम 6 बजे से काशी की तर्ज पर गंगा आरती का आयोजन होगा। दीक्षा दान समारोह की पूर्व संध्या पर 25 फरवरी को भव्य संत दर्शन एवं सनातन शोभायात्रा का आयोजन होगा।



