महिला वंदन समारोह : स्वच्छता सैनानियों व प्रतिभाओं का सम्मान

नगर निगम अजमेर
अजमेर। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर निगम की ओर से शुक्रवार को जेएलएन मेडिकल कॉलेज के डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार में महिला वंदन समारोह आयोजित किया गया।

मुख्य ​अतिथि विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी व जल संसाधान मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कार्यक्रम में पीएम आवास व पीएम स्वनिधि के लाभार्थियों को नुदान राशि के चैक प्रदान किए तथा स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली संस्थाओं व व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर ब्रजलता हाडा ने की। इस अवसर पर कलक्टर व नगर निगम आयुक्त ने स्वच्छता सैनानियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए।

समारोह को सम्बोधित करते हुए देवनानी ने कहा कि ये हम सब का अजमेर है, इसे स्वच्छ रखने का दायित्त्व हमारा है। स्वच्छता में महिलाओं का सबसे बड़ा योगदान होता है। महिला दिवस के उपलक्ष्य में नारी वंदन करना हमारा सौभाग्य है। भारत में भी सर्वप्रथम नारी को ही पूजा जाता है। भारत में नारी का बहुत अधिक महत्व है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की महिलाओं की पीड़ा को समझा और महिलाओं के लिए काफी योजानाएं प्रारम्भ की।

जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि महिला दिवस पर नारी शक्ति को वंदन करता हूं। हमारे देश की राष्ट्रपति भी महिला है। हमारे देश में कोई भी कार्य नारी के बिना संभव नहीं है। हमारे देश की महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित कर रहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है तथा देश में महिलाओं का सम्मान बढा है।

कार्यक्रम में अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी, कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित, नगर निगम महापौर डॉ. ब्रजलता हाड़ा, नगर निगम आयुक्त देशलदान, जेएलएन मेडिकल कॉलेज अजमेर के उप प्रधानाचार्य डॉ. एसके भास्कर, स्वच्छता सैनानी व लाभार्थी उपस्थित थे।