भीलवाड़ा में किशोरी को प्रेम जाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने वाला आरोपी अरेस्ट

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में वस्त्र नगरी भीलवाड़ा में पहचान छिपाकर एक किशोरी को प्रेम जाल में फंसाने, रेप करने और फिर जबरन धर्म परिवर्तन के लिए प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है।

इस सनसनीखेज मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी सुल्तान मोहम्मद पठान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

उप पुलिस अधीक्षक सज्जन सिंह ने मंगलवार को बताया कि मामला बेहद गंभीर है। आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और राजस्थान विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम सहित कई संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

सुल्तान मोहम्मद को हिरासत में लेकर उसके अन्य साथियों और इस साजिश में शामिल मददगारों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इस मामले में जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि जनवरी 2023 में इंस्टाग्राम पर आरोपी ने खुद को ‘रॉय’ बताकर किशोरी से दोस्ती की और उसे अपने कथित प्यार के झांसे में लिया। दोस्ती के करीब एक महीने बाद, आरोपी उसे भीलवाड़ा के चस्का कैफे में ले गया।

आरोप है कि वहां केबिन में आरोपी ने युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया और चोरी-छिपे उसके अश्लील फोटो एवं वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी ने अपनी असलियत बताई कि वह ‘रॉय’ नहीं, बल्कि सुल्तान मोहम्मद पठान है।

जब युवती ने विरोध किया, तो सुल्तान ने अश्लील वीडियो वायरल करने और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर उसका मुंह बंद कर दिया। इस खौफ के साये में पीड़िता लंबे समय तक शोषण सहती रही। बाद में सुल्तान ने पीड़िता पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू किया।

पीड़िता को जबरन हिजाब पहनने, नमाज पढ़ने और रोजा रखने के लिए मजबूर किया गया। आरोपी और उसके साथियों ने उसे दरगाहों पर ले जाकर जबरन इस्लाम कबूल करवाने की कोशिश की और उसका नाम बदलकर जोया पठान रख दिया।

पीड़िता ने जब हिम्मत जुटाकर परिजनों को पूरी दास्तां सुनाई, तो मामले ने तूल पकड़ा। पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई। फिलहाल पुलिस सुल्तान के उस साथी की तलाश कर रही है जिसने धर्म परिवर्तन के इस दबाव में उसका साथ दिया था।