अलवर में किशोरी के साथ रेप का आरोपी यूपी के अलीगढ़ से अरेस्ट

अलवर। राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक किशोरी के साथ हुये दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार किशोरी के साथ दुष्कर्म का यह मामला सात फ़रवरी का बताया जा रहा है। दुष्कर्म के बाद पीड़िता मामला दर्ज करवाने थाने पहुंची थी, लेकिन महिला थाने से पुलिस ने उसे भगा दिया था।

बाद में मामले ने तूल पकड़ा तो सात दिन बाद रिपोर्ट दर्ज की गई। इस बीच, आरोपी ने नाबालिग को धमकाते हुए दुष्कर्म के समय बनाई गई वीड़ियो वायरल करने कि धमकी दी। इसके बाद पीड़िता की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। इस पर उसे जिला अस्पताल मे भर्ती कराया गया, जहां पर उसका इलाज़ चल रहा है।

महिला थाना पुलिस ने गुरुवार देर शाम मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी अनिल कुमार राजपूत निवासी बसई अतरौली अलीगढ़ उत्तर प्रदेश को अलीगढ़ शहर से गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।