दिल्ली के उत्तम नगर में कड़े पहरे के बीच मुस्लिम समुदाय ने अदा की ईद की नमाज

0

नई दिल्ली। दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में शनिवार को भारी सुरक्षा बल की तैनाती के बीच ईद-उल-फितर का त्योहार सादगी के साथ मनाया गया। उत्तम नगर इलाके में स्थानीय संघर्ष में एक व्यक्ति की जान चली गई थी और सांप्रदायिक तनाव फैल गया था।

एक अधिकारी ने बताया कि हस्तसाल गांव और आसपास के क्षेत्रों में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है, जहां प्रवेश और निकास द्वारों पर अवरोधक लगाए गए हैं और पहचान पत्रों की कड़ी जांच की जा रही है।

विशिष्ट क्षेत्रों में प्रवेश केवल सत्यापन के बाद निवासियों तक ही सीमित है और बाहरी व्यक्तियों को अनुमति नहीं दी जा रही है। अधिकारी नियमित रूप से पैदल गश्त कर रहे हैं और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से छतों, संकरी गलियों तथा संवेदनशील स्थानों पर पैनी नजर रख रहे हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हम सभी गतिविधियों की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी भी तैयार स्थिति में रखे गए हैं। स्थानीय लोगों ने ईद की नमाज अदा करना शुरू कर दिया है, हालांकि प्रतिबंधों के बीच उत्सव काफी हद तक सादगी भरा बना हुआ है।

उल्लेखनीय है कि गत 4 मार्च को होली के दौरान जेजे कॉलोनी में दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुए संघर्ष में एक 26 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई थी। कथित तौर पर इस विवाद की वजह एक लड़की के फेंके पानी के गुब्बारे का अनजाने में एक महिला को लग गया था।

इस घटना के बाद विरोध प्रदर्शन हुए थे, जिसके दौरान आरोपियों से जुड़े दो वाहनों में आग लगा दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने कहा कि अफवाहों को रोकने और भड़काऊ सामग्री के प्रसार को थामने के लिए सोशल मीडिया मंचों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।