नायब सिंह सैनी ने ली हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ

चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा की गठबंधन सरकार में शामिल भारतीय जनता पार्टी-जननायक जनता पार्टी के बीच सीटों की खींचातानी पर एक नाटकीय घटनक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को इस्तीफा दे दिया।

खट्टर की जगह नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को पांच मंत्रियों के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय ने उन्हें शपथ दिलाई। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद थे। सैनी के साथ कंवर पाल, मूलचंद शर्मा, रणजीत सिंह, जयप्रकाश दलाल और डॉ. बनवारी लाल ने मंत्री पद की शपथ ली।

इससे पहले अपराह्न करीब तीन बजे सैनी ने राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। उनके साथ मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे चुके मनोहर लाल खट्टर भी थे। माना जा रहा है कि मध्य प्रदेश और राजस्थान की तर्ज पर भाजना ने नए चेहरे को आगे लाने की रणनीति के तहत यह दावं खेला है। कुछ ऐसी भी अटकलें लगाई जा रही है कि खट्टर लोकसभा चुनाव 2024 में करनाल सीट से भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ सकते हैं।

गौरतलब है कि वर्ष 2019 के चुनाव नतीजों के बाद जजपा भाजपा गठबंधन के साथ सरकार चला रही थी। जजपा लोकसभा चुनाव में दो सीटें हिसार (जहां से भाजपा सांसद बृजेन्द्र सिंह हाल में पार्टी छोड़कर काँग्रेस में जा चुके हैं) और भिवानी-महेंद्रगढ़ मांग रही थी। भाजपा-जजपा को एक भी सीट देने के पक्ष में नहीं थी। हरियाणा में विधानसभा की 90 सीटों में से भाजपा के पास 41 सीटें है।

सैनी ने पदभार संभाला

हरियाणा के नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शपथ ग्रहण समारोह के बाद पदभार संभाल लिया और कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।

सैनी ने पदभार संभालने के साथ एक्स पर ट्वीट किया जिसमें उन्होंने लिखा, आप सभी को राम-राम। समस्त हरियाणावासियों को अपना परिवार मानकर सेवा करने का दायित्व जनकल्याण की शपथ के साथ ग्रहण किया है। उन्होंने लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मार्गदर्शन, मोदी जी की गारंटी और भाजपा का सुशासन (अंत्योदय) ही उनकी सरकार का मूल मंत्र होगा।

हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में अपना पदभार ग्रहण किया। एक और ट्वीट में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के ट्वीट के जवाब में उन्होंने लिखा, हरियाणा की डबल इंजन सरकार विकास और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति और सुशासन के संकल्प को जीवंत रखेंगे।