बिहार चुनाव में सीट बंटवारे के लिए NDA की दिनभर चली बैठकें बेनतीजा

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) दलों के बीच शनिवार को पूरे दिन चली बैठकें देर शाम तक बेनतीजा रही।

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने राजग गठबंधन में सीट बंटवारे की जिम्मेदारी भारतीय जनता पार्टी को दी है। भाजपा राजग के सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे के लिए सामंजस्य स्थापित करने का प्रयास कर रहा है लेकिन सभी दल अधिक सीट मांग रहे हैं जिसके कारण इसको लेकर अंतिम राय नहीं बन सकी है। यह कवायद पिछले एक महीने से जारी है। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय गृहमंत्री इन स्थितियों पर नजर रखने के साथ सहयोगी दलों में सामंजस्य के लिए आगे आकर वार्ता कर सकते हैं।

बैठकों के क्रम में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर दिन में हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी करीब डेढ़ घंटे तक बैठक के बाद चले गए। सूत्रों के अनुसार बैठक में सीटों के फार्मूले पर मांझी तैयार नहीं हुए और अधिक सीट की बात पर अड़े रहे। सू्त्रों के मुताबिक मांझी 15 से अधिक सीट मांग रहे हैं जबकि भाजपा 7 सीट देने के लिए कह रही है। जानकारों के मुताबिक बैठक के बाद मांझी पार्टी नेताओं से मिलकर विधानसभा में आगामी संभावनाओं पर भी चर्चा कर रहे हैं।

वहीं नड्डा के आवास पर शाम को राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा भी पहुंचे और डेढ़ घंटे तक चली बैठक के बाद वो भी चले गए। सीटों को लेकर उनके साथ भी भाजपा अध्यक्ष के साथ कोई अंतिम राय नहीं बन सकी। सूत्रों के मुताबिक सीटों को लेकर फंसा पेच जल्द सुलझ सकता है। जबकि लोक जनशक्ति पार्टी-रा (लोजपा-रा) के अध्यक्ष चिराग पासवान भी भाजपा द्वारा दी जा रही सीटों को स्वीकार करने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। उनको मनाने के लिए भाजपा नेता नित्यानंद राय और धर्मेंद्र प्रधान उनके घर भी जा चुके हैं लेकिन नतीजा सिफर रहा है।

जानकारों के मुताबिक लोजपा, हम और रालोमो के नेता शनिवार को दिल्ली में है और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक कर सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने की कोशिश में जुटे हैं। चुनाव में देरी के साथ बिहार में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच असमंजस की स्थिति उनके लिए परेशानी का सबब बन सकती है।