एआई शिखर सम्मेलन में विरोध प्रदर्शन पर राहुल गांधी मांगे माफी : भाजपा

0

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने यहां एआई शिखर सम्मेलन स्थल भारतमंडपम के भीतर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भारत-अमरीका व्यापार समझौते के खिलाफ शुक्रवार को किए अर्द्धनग्न प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि यह अत्यंत शर्मनाक स्थिति है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस पर तीखा हमला किया और आरोप लगाया कि उसने शिखर सम्मेलन में बाधा डालने के लिए एक रणनीति के तहत अपनी युवा शाखा का इस्तेमाल करके देश के खिलाफ बड़ा पाप किया है। कांग्रेस का युवाओं का इस तरह से देश को बदनाम करने के लिए इस्तेमाल करना शर्मनाक है।

भाजपा नेता ने इस घटना को सोची-समझी साजिश बताते हुए कहा कि यह कोई गलती नहीं बल्कि जानबूझकर किया गया हमला था। उनका कहना था कि इस अपराध को ऐसे समय पर सोची समझी रणनीति के तहत अंजाम दिया गया जब शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए देश को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल रही थी।

उन्होंने कहा कि पूरा देश शिखर सम्मेलन में कांग्रेस के कृत्यों की निंदा कर रहा है, लेकिन पार्टी और उसके नेता माफी मांगने को तैयार नहीं हैं। जब भारत प्रगति करता है, तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी पार्टी दुखी होती है। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता भारत को बदनाम करने के लिए चौबीसों घंटे साजिशें रचते रहते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस से सवाल किया कि आप राष्ट्रविरोधी कृत्यों में लिप्त होना कब बंद करेंगे। यह कृत्य शर्मनाक है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इसके लिए माफी मांगे। यह कृत्य वैश्विक आयोजन के दौरान जानबूझकर देश की छवि को धूमिल करने के कांग्रेस के प्रयास का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि आश्चर्य इस बात का है युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदर्शनी हॉल में घुस गए और प्रस्तावित भारत-अमरीका व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री को निशाना बनाते हुए नारे लगाए।

गौरतलब है कि भाजपा ने युवा कांग्रेस के इस तरह से रोष प्रकट करने के खिलाफ शनिवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं के सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो के अनुसार भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली, ऊधमपुर, सूरत, बेंगलूरु, तेलंगाना, जयपुर और मुंबई सहित कई शहरों में प्रदर्शन किए। भाजपा युवा मोर्चा की दिल्ली इकाई के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।