नीट-यूजी परीक्षा 2026 अब 21 जून को होगी

0

नई दिल्ली। मेडिकल कॉलेजों मे स्नातक स्तर तक प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) अब 21 जून को होगी।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेन्सी (एनटीए) ने गत तीन मई को आयोजित की गई नीट परीक्षा पेपर लीक होने के कारण रद्द कर दी थी। एनटीए ने शुक्रवार को कहा कि अब यह परीक्षा देशभर में 21 जून को आयोजित की जाएगी। नीट की तीन मई को हुयी परीक्षा में 22 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे।

एनटीए पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि फिर से करवाई जा रही परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को नए सिरे से पंजीकरण नहीं करवाना पड़ेगा तथा किसी तरह की फीस भी नहीं देनी होगी। उसमें परीक्षार्थियों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करने का अनुरोध किया है।

नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में दो और अरेस्ट

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है जिससे गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या बढ़कर सात हो गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहिल्यानगर के धनंजय लोखंडा और मनीषा वाघमारे के रूप में हुई है। एजेंसी ने पिछले 24 घंटों में देश भर में 14 जगहों पर तलाशी भी ली।

इस बीच, पहले गिरफ्तार किए गए सभी पांच आरोपियों को दिल्ली की सक्षम अदालत में पेश किया गया और पूछताछ के लिए सात दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। सीबीआई ने 12 मई को केन्द्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया था। यह शिकायत नीट यूजी 2026 परीक्षा का पेपर कथित तौर पर लीक होने के संबंध में थी।

इससे पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था जिनमें तीन जयपुर एवं एक गुरुग्राम से और एक नासिक से है। सीबीआई के अनुसार जांच में पता चला है कि अप्रैल 2026 में नासिक के रहने वाले शुभम ने यश यादव को बताया कि मांगी लाल ने अपने छोटे बेटे के लिए नीट यूजी 2026 के लीक हुए प्रश्न पत्र मांगे हैं। कथित तौर पर लीक हुए पेपर के लिए 10 से 12 लाख रुपए का सौदा तय हुआ था। जांचकर्ताओं ने पाया कि मांगी लाल ने लीक हुए प्रश्न पत्र मांगने के लिए व्हाॅटसअप के ज़रिए यश यादव से संपर्क किया था।

जांचकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लीक हुए प्रश्न पत्र 29 अप्रैल को टेलीग्राम के ज़रिए पीडीएफ फ़ॉर्मेट में यश यादव को भेजे गए थे। मिली जानकारी के अनुसार, बरामद पीडीएफ फ़ाइलों में फिजिक्स, केमेस्ट्री और बायोलॉजी के पेपर के साथ-साथ शुभम और मांगी लाल के बीच हुई बातचीत भी शामिल थी।

जांच में यह भी पता चला कि मांगी लाल खटीक को नीट यूजी 2026 का लीक हुआ पेपर गुरुग्राम के रहने वाले यश यादव से मिला था। कथित समझौते में यह तय हुआ था कि अगर लगभग 150 सवाल असली परीक्षा के पेपर से मेल खाते हैं, तो 10 लाख रुपए का भुगतान किया जाएगा।