Home Bihar बिहार में प्रसाद खाने के बाद 45 लोग बीमार

बिहार में प्रसाद खाने के बाद 45 लोग बीमार

0

बिहारशरीफ। बिहार में नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को विषाक्त प्रसाद खाने के बाद करीब 45 लोग बीमाार पड़ गए। पीड़ितों में 30 बच्चे शामिल हैं। पीड़ितों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में बिहारशरीफ प्रखंड के लालबाग गांव निवासी छोटे चौहान के घर शादी थी। इसके बाद शुक्रवार को ‘सत्यनाराण भगवान’ की पूजा के बाद प्रसाद बांटा गया। प्रसाद खाने के बाद लोग पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत करने लगे।

बिहारशरीफ के प्रखंड विकास पदाधिकारी अंजन दत्ता ने बताया कि प्रसाद खाने के बाद 45 लोगों ने पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत की। ग्रामीणों की मदद से सभी पीड़ितों को बिहारशरीफ के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ितों में करीब 30 बच्चे शामिल हैं।

इधर, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डक्टर शैलेंद्र प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ‘फूड प्वाइजनिंग’ का ही लगता है। उन्होंने बताया कि सभी लोग खतरे से बाहर हैं। कई लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है।