Home Rajasthan Ajmer गांधी प्रतिमा पर पुष्पाहार डालने की अजमेर बीजेपी नेताओं में होड

गांधी प्रतिमा पर पुष्पाहार डालने की अजमेर बीजेपी नेताओं में होड

0
गांधी प्रतिमा पर पुष्पाहार डालने की अजमेर बीजेपी नेताओं में होड

अजमेर। गांधी जयन्ती के अवसर पर गांधी भवन स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर प्रबुद्धजनों ने माल्यार्पण कर महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को याद किया। यूं तो गांधी जयंती पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का अधिक जमावडा नजर आता रहा है, लेकिन इस बार स्थित उलट दिखी। कांग्रेस से ज्यादा भाजपाई गांधी जयंती मनाने में अधिक सक्रिय रहे।

प्रदेश के शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री अनिता भदेल, नगर निगम के महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, बीजेपी शहर अध्यक्ष अरविंद यादव समेत भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और नेताओं ने गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

शिक्षा राज्य मंत्री देवनानी ने कहा कि महात्मा गांधी की आज 148वीं जयन्ती है। आज ही के दिन तीन साल पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छता अभियान की शुरूआत की थी। उन्होंने बताया कि स्वच्छता ही सेवा है, गांधी जी ने स्वच्छता से ही स्वराज लाने का आव्हान किया था।

आज हम स्वच्छ भारत के स्वप्न को साकार करें, तभी गांधी जयन्ती मनाना सार्थक होगा। उन्होंने बताया कि आज प्रदेश की समस्त विद्यालयों में भी स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री अनिता भदेल ने कहा कि गांधीजी ने सत्य और अहिंसा के साथ देश को आजादी दिलाने के लिए सत्याग्रह किए। वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी को किसानों का मसीहा के रूप में जाना जाता है। उन्होंने जय जवान जय किसान का नारा दिया था।

उन्होंने कहा कि गांधी जी ने स्वच्छ भारत बनाने की सभी से अपील की थी, आज हमें उस पर अमल करना है। सभी इस बात का संकल्प लें कि न तो गंदगी करेंगे और न ही किसी को गंदगी करने देंगे।

इस मौके पर चिकित्सा विभाग द्वारा लोगों की स्वास्थ्य जांच भी की गई। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक संजय सांवलानी सहित संबंधित अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

https://www.sabguru.com/golden-statue-mahatma-gandhi-ajmer/