Home Sirohi Aburoad अपनों की नाराजगी के बीच आज आएंगे परनामी, सता सकता है आनंदपाल मामला

अपनों की नाराजगी के बीच आज आएंगे परनामी, सता सकता है आनंदपाल मामला

0
अपनों की नाराजगी के बीच आज आएंगे परनामी, सता सकता है आनंदपाल मामला
bjp flags hoasted in sirohi before visit of state president ashok parnami
bjp flags hoasted in sirohi before visit of state president ashok parnami

सबगुरु न्यूज-सिरोही। अपनी पार्टी के पदाधिकारियों और नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों की नाराजगी के अलावा आनंदपाल प्रकरण में विरोध की आशंका के बीच भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी शुक्रवार को सिरोही आएंगे। यहां पर जगह-जगह उनका स्वागत किया जाएगा। वहीं राजे सरकार द्वारा आनंदपाल सिंह का शव जबरन जला दिए जाने के विरोध में उन्हें सिरोही में विरोध का सामना भी करना पड़ सकता है।

भाजपा जिला प्रवक्ता रोहित खत्री ने बताया कि सिरोही दौरे पर आने से कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर और सिरोही नगर में कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह पर उनके स्वागत द्वार सजाये गए हैं। आबूरोड नगर, आबूरोड ग्रामीण, माउंट आबू मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेशाध्यक्ष का आबूरोड में स्वागत किया जाएगा।

रोहिडा, सरूपगंज, पिण्डवाडा नगर मंडल टोल नाका पर स्वागत करेगे। पिण्डवाडा ग्रामीण व झाडोली मंडल बामनवाडजी के मुख्य द्वार पर स्वागत करेंगे। सिरोही नगर, मंडार, रेवदर, अनादरा व सिरोही ग्रामीण सिरोही शहर में स्वागत करेंगे। खत्री ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष अषोक परनामी सिरोही हाउसिंग बोर्ड स्थित होटल में सुबह 9ः30 बजे नगर निकाय के पार्षदो के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे जिलास्तरीय बैठक प्रारम्भ होगी।

जिसमें गोपालन राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, सांसद देवजी पटेल, विधायक जगसीराम कोली, समाराम गरासिया, जिला प्रमुख पायल परसरामपुरीया, जिलाध्यक्ष लुम्बाराम चैधरी, प्रदेष पदाधिकारी, पूर्व विधायक, जिला पदाधिकारी, पूर्व जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, मोर्चो के जिलाध्यक्ष, प्रकोष्ठों के संयोजक उपस्थित रहेंगे।
-चार पार्षदों पर संशय बरकरार
अफवाह है या हकीकत, लेकिन सोशल मीडिया में सिरोही के जिन चार पार्षदों को गायब बताया जा रहा है उनकी उपस्थिति रहने और नहीं रहने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सुनील सिंघी की के सिरोही से जाने के बाद चली अफवाह की लहर अभी तक नहीं रुकी है।

उस दिन सुनील सिंघी की रवानगी के बाद यह अफवाह चली की सिरेाही के पार्षदों ने सिरोही नगर परिषद के सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया, लेकिन ऐसा था नहीं। इससे परेशान होकर भाजपा में सिरोही में हलचल मच गई।

इसके बाद अब यह अफवाह उडी है कि अविश्वास प्रस्ताव नहीं आए इसके लिए भाजपा के चार पार्षद सिरोही से हवाई यात्रा पर किसी पर्यटन स्थल पर भेज दिए गए हैं। अब इन्ही चार पार्षदों के सिरोही में शुक्रवार को होने वाली भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की बैठक में उपस्थिति को लेकर भी सोशल मीडिया में सवाल होने लगे हैं।
-झेलना पड सकता है अपनों का रोष
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने तीन साल से सिरोही के भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की सुध नहीं ली। सत्ता में आने के बाद कार्यकर्ताओं को एकदम बिसरा दिया गया। सिरोही में प्रथम आगमन पर पार्षदों और भाजपा के पदाधिकारियों द्वारा बैठक में अपना गुबार निकाले जाने की पूरी संभावना अंदरखाने चल रही है।

इसे मैनेज करने की भी कवायद हो रही है। इधर, शाम को आनन्दपाल प्रकरण को लेकर भी विरोध होने की आशंका की चर्चा का बाजार सिरोही शहर में गर्म हो गया। इसने भाजपा पदाधिकारियों की नींद और उडा दी है। वैसे भाजपा जिलाध्यक्ष लुम्बाराम चैधरी ने सभी पदाधिकारियों से मिलकर उनकी भूमिका पर चर्चा की है। भाजपा की बैठक की तैयारियों को लेकर पूरे दिन जिला भाजपा कार्यालय में चहल-पहल रही।

इधर नागौर जिले के सांवराद में एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर आनंदपाल सिंह का शव  कथित रूप से सरकार द्वारा मानवाधिकार आयोग का हवाला देते जबरन पुलिस द्वारा जलाए जाने के विरोध में सिरोही में अशोक परनामी को विरोध झेलना पड़ सकता है।
-मिल सकते हैं उपेक्षित पूर्व पदाधिकारी व कार्यकर्ता
जिले में जनप्रतिनिधियों और भाजपा जिला संगठन की ओर से नजरअंदाज कर दिए गए पुराने कार्यकर्ताओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। सूचना मिली है कि पूर्व पदाधिकारी और हाशिये में डाल दिए गए पुराने कार्यकर्ताओं ने भी परनामी से मिलने का समय मांगा है। उन्हें शाम पर पत्र भेजा गया है जिससे उनसे मुलाकात करके जिले में विकास कार्यों तथा संगठन की वर्तमान स्थिति पर सकारात्मक चर्चा कर सकें।