Home Breaking कन्हैया-भगत सिंह की तुलना पर माफी मांगें थरूर : भाजपा

कन्हैया-भगत सिंह की तुलना पर माफी मांगें थरूर : भाजपा

0
कन्हैया-भगत सिंह की तुलना पर माफी मांगें थरूर : भाजपा
BJP demands tharoor's apology over Kanhaiya-Bhagat Singh comparison
BJP demands tharoor's apology over Kanhaiya-Bhagat Singh comparison
BJP demands tharoor’s apology over Kanhaiya-Bhagat Singh comparison

नई दिल्ली। देशद्रोह के आरोपी और जमानत पर रिहा जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की तुलना शहीद भगत सिंह से करने को भाजपा ने शहीद का अपमान बताया है। पार्टी ने कांग्रेस नेता शशि थरूर से उनके बयान के लिए देश से माफी की मांग की है।

भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रविरोधी नारेबाजी करने वालों की कभी भी महान स्वतंत्रता सेनानियों से तुलना नहीं की जा सकती।

उन्होंने कहा कि वह शशि थरूर को सलाह देना चाहेंगे कि ‘भारत तेरे टुकडे होंगे, इंशा अल्लाह, इंशा अल्लाह” जैसे नारे लगाने वाले कभी भी भगत सिंह नहीं हो सकते हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि वह थरूर से प्रार्थना करते हैं कि वह भगत सिंह का अपमान नहीं करें। अपने बयान के लिए उन्हें राष्ट्र से माफी मांगनी चाहिए।

 बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने शशि थरूर के बयान को शहीद-ए-आजम भगत सिंह का अपमान करार दिया।  हुसैन ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि अब शशि थरूर ये भी बता दें कि सोनिया-राहुल में उन्हें किसी झलक दिखती है। वहीं बीजेपी नेता अनंत कुमार ने कहा कि इस तरह का बयान शशि थरूर ही दे सकते हैं।

थरूर ने दी सफाई, मेरे बयान को भाजपा ने गलत समझा

इस बीच देशद्रोह के आरोपी और जमानत पर रिहा जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की तुलना शहीद भगत सिंह से करके विवादों में घिरे कांग्रेस नेता शशि थरूर सफाई देते हुए कहा कि उनके कहने का अर्थ था कि इन दो लोगों में कुछ गुण समान थे, जिसे भाजपा कभी नहीं समझ सकती है।

थरूर ने कहा कि भगत सिंह को अपने समय का कन्हैया बताने का अर्थ था कि उस समय भगत सिंह भी लगभग 20 साल के थे। उनका भरोसा भी मार्क्सवाद में था और अपनी मातृभूमि के लिए गजब का जज्बा था। कन्हैया में भी कुछ ऐसी ही क्वालिटी है।

उन्होंने कहा कि लेकिन दोनों की परिस्थितियों में अंतर है। वह ब्रिटिशराज के खिलाफ लड़ रहे थे और कन्हैया लोकतंत्र के कुछ नियमों जिनमें उसका भरोसा है उन्हें बचाने के लिए लड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भगत सिंह के लेखन को पढ़ा है वह समझ सकते हैं कि वास्तव में मैं किस बारे में बात कर रहा हूं। भगत सिंह कभी भाजपा का समर्थन नहीं करते, क्योंकि वह एक प्रतिबद्ध नास्तिक और लेनिन के प्रशंसक थे।

इसलिए मुझे नहीं लगता है कि भाजपा को भगत सिंह के विचारों के बारे में ज्यादा जानकारी है। शायद जो है उसका माध्यम बॉलीवुड की फिल्में ही हैं।

शशि थरूर के बयान से कांग्रेस नेताओं ने पल्ला झाड़ा

देश द्रोह के आरोपी और जमानत पर रिहा जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की तुलना शहीद भगत सिंह से करने वाले शशि थरूर के बयान से कांग्रेस नेताओं ने अपना पल्ला झाड़ लिया है। पार्टी नेता ही उनके इस बयान का खंडन कर रहे हैं।

कांग्रेस के सीनियर नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि भगत सिंह की तुलना आज के दौर के युवाओं से नहीं की जा सकती। गुलाम नबी आजाद ने थरूर के बयान से किनारा करते हुए कहा कि ये उनकी ये व्यक्तिगत राय हो सकती है।

इसी तरह कांग्रेस नेता मीम अफजल ने भी कहा कि थरूर की ये निजी सोच हो सकती है। भगत सिंह का दौर अलग था और आज के दौर से तुलना मुनासिब नहीं है।