Home India City News हर दरवाजे पर दस्तक दें भाजपा कार्यकर्ता : उपाध्याय

हर दरवाजे पर दस्तक दें भाजपा कार्यकर्ता : उपाध्याय

0
delhi bjp
bjp workers knock on door and speak to voters in delhi

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने पार्टी के सदस्यता और स्वच्छता अभियान को अपने जिलों में तेजी से चलाने का आवाह्न करते हुए कहा कि अगर आप इन अभियानों के अंतर्गत हर दरवाजे तक दस्तक देकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ सबका विकास के नारे को पहुंचायेंगे तो दिल्ली विजय अब पार्टी से दूर नहीं।

प्रदेश कार्यालय में रविवार को नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत करोल बाग और नई दिल्ली जिलों के जिला अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, निवर्तमान विधायक, पार्षद और पार्टी के महत्वपूर्ण नेताओं की बैठकें हुईं। इसमें राष्ट्रीय मंत्री सरदार आर पी सिंह, दिल्ली के महामंत्री संगठन विजय शर्मा और सांसद मीनाक्षी लेखी ने भी पार्टी नेताओं से सदस्यता एवं स्वच्छता अभियान को अपने जिलों में तेजी से चलाने के लिए प्रेरित किया।

दिल्ली भाजपा में आज सघन सदस्यता अभियान एवं चुनाव से जुड़ी तैयारियां देखने को मिलीं। लगभग 550 शक्ति केन्द्र बैठकों का दिल्ली भर में आयोजन हुआ। शक्ति केन्द्र 6 से 8 पोलिंग स्टेशनों के कार्यकर्ताओं को मिलाकर बनाया गया है। हर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 8 ऐसी बैठकें हुईं। पार्टी के लगभग सभी नेताओं, प्रदेश, जिला एवं मंडल पदाधिकारी बैठकों में कार्यकर्ताओं के साथ सम्मिलित हुए।

पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा ने अपना जमीनी संगठन मजबूत करने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा दिए गए मार्गदर्शन के अनुसार आज प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, सांसद रमेश बिधूड़ी, प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, महेश गिरी आदि भी शक्ति केन्द्र बैठकों में सम्मिलित हुए।

पार्टी कार्यालय में दिल्ली के 100 से अधिक प्रभावशाली चार्टर अकाउन्टेंट्स की एक बैठक का आयोजन हुआ। इसमें पेशेवर वित्तीय विशेषज्ञों ने नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा लाये जा रहे आर्थिक बदलावों की सराहना की और कहा कि इसके चलते भारत में विकास की बयार चल रही है। बैठक में केन्द्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली द्वारा प्रस्तुत बजट 2014 की सराहना की गई और कहा गया कि जो विकास का द्वार वित्त मंत्री ने खोला है वह 2018 तक संभवतः भारत को उत्कृष्ठ, आर्थिक स्थिति में पहुंचा देगा।

पार्टी की ओर से महामंत्री रेखा गुप्ता ने चार्टर एकाउन्टेंट्स का स्वागत किया और उनके से अनुरोध किया कि वह नरेन्द्र मोदी सरकार की आर्थिक उपलब्धियों को जनता के बीच प्रसारित करने का कार्य करें। बैठक में सम्मिलित प्रमुख चार्टर एकाउन्टेंट्स थे के एम गुप्ता, नवीन गुप्ता, राजेश अग्रवाल, हंस राज चुग, राज चावला, विजय गोयल एवं भारत भूषण।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here