Home Breaking फिर से बनाएंगे देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार : राजे

फिर से बनाएंगे देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार : राजे

0
फिर से बनाएंगे देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार : राजे
Chief Minister Vasundhara Raje attends bjp meeting in sirohi
Chief Minister Vasundhara Raje attends bjp meeting in sirohi
Chief Minister Vasundhara Raje attends bjp meeting in sirohi

सिरोही। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा है कि 2018 के विधानसभा चुनाव तथा 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को बहुमत मिलेगा और देश और प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। इसके लिए सभी कार्यकर्ता अभी से कमर कस लें।

उन्होंने कहा कि वे ’आपका जिला-आपकी सरकार कार्यक्रम’ के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं से भी फीडबैक ले रही हैं और उनके हालचाल पूछ रही हैं क्योंकि कार्यकर्ता ही हमारी आंख, नाक और कान हैं। यही वो कार्यकर्ता है जो हमें यहां तक पहुंचाता है।

मुख्यमंत्री गुरूवार शाम सिरोही के एयरलाईन्स होटल में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित कर रही थीं। इस बैठक में भाजपा के सांसद, विधायक, प्रधान, नगर निकायों के अध्यक्ष, सभी मंडल अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व विधायक, जिला परिषद सदस्य, सभी मोर्चाें के जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी सहित प्रमुख वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

सीएम ने सबको नाम से पुकारा

बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं के परिचय की बात आई तो राजे ने कहा करीब-करीब सभी कार्यकर्ताओं को मैं जानती हूं। इसलिए परिचय की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने एक-एक करके बारी-बारी से सभी कार्यकर्ताओं को उनके नाम से पुकारा तो सब कार्यकर्ता न केवल अचम्भित हुए, बल्कि उन्होंने खुश होकर मुख्यमंत्री को धन्यवाद भी दिया।

cm_wel
मंडलवार लिया फीडबैक

मुख्यमंत्री ने सिरोही जिले के मंडल अध्यक्षों से अपने-अपने मंडल से संबंधित फीडबैक लिया। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से पूछा कि उनके मंडलों में प्रदेश भाजपा द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों का आयोजन हुआ या नहीं? नियमित बैठकें हुई या नहीं?

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने संबंधित मंडल क्षेत्र की समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कहा। उन्होंने मोर्चा के अध्यक्षों से भी प्रगति रिपोर्ट मांगी। इसके अलावा सांसद, विधायकों और प्रधानों से भी फीडबैक लिया।

कार्यकर्ताओं को महत्व दें

मुख्यमंत्री ने बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि भाजपा कार्यकर्ताओं का ही संगठन है। इसलिए आप कार्यकर्ताओं को महत्व दें। उनकी राय, उनके सुझाव और उनकी सलाह से काम करें। क्योंकि वही कार्यकर्ता आपको यहां तक पहुंचाता है। सही मायने में कार्यकर्ताओं का मनोबल ही आपकी ताकत है। इसलिये उनका मनोबल बनाए रखें।

उपलब्धियां टिप्स पर याद रखें

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार को विरासत में जिस तरह का राजस्थान मिला है, वह किसी से छिपा नहीं है। आर्थिक संकट से जूझ रहे राजस्थान को आगे बढ़ाना कम चुनौतीपूर्ण नहीं था। इसके बावजूद हमारी सरकार ने जो काम किए हैं वह राजस्थान को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। सभी कार्यकर्ताओं को सरकार द्वारा किए गए विकास कार्य अपने टिप्स पर याद होना चाहिए।

संगठन में शक्ति यानी पार्टी फर्स्ट

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लिए एक ही मंत्र होना चाहिए, पार्टी फर्स्ट। हम एक जुट रहेंगे तो हमारा संगठन मजबूत रहेगा। संगठन मजबूत रहेगा तो हम भी मजबूत रहेंगे। संगठन में ही शक्ति है।

मुख्यमंत्री का जताया सबने आभार

बैठक में सिरोही जिले के सब कार्यकर्ताओं ने मुक्तकंठ से मुख्यमंत्री द्वारा करवाए गए कार्याें की प्रशंसा की। जिला अध्यक्ष लूम्बाराम चौधरी ने मुख्यमंत्री राजे तथा प्रभारी मंत्री राठोड़ का स्वागत किया। जिला प्रमुख पायल परसरामपुरिया ने सभी जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से मुख्यमंत्री को बुके भेंट किया और चुनरी ओढ़ाई।

ये भी रहे बैठक में मौजूद

बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री एवं चिकित्सा मंत्री राजेन्द्र राठौड़, देवस्थान एवं गौ-पालन राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, सांसद देवजी पटेल, विधायक कैलाश चौधरी, जगसीराम कोली, समाराम गरासिया, नगर परिषद सभापति ताराराम माली सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

cm