Home UP Gorakhpur गोरखपुर : अपराधी को बचाने को घूस लेने वाली भाजपा नेत्री अरेस्ट

गोरखपुर : अपराधी को बचाने को घूस लेने वाली भाजपा नेत्री अरेस्ट

0
गोरखपुर : अपराधी को बचाने को घूस लेने वाली भाजपा नेत्री अरेस्ट

गोरखपुर। नेतागिरी को कमाई और भ्रष्टाचार का जरिया बनाने वाले भारतीय जनता पार्टी के नेता सतर्क हो जाएं। योगी सरकार में अगर ऐसा किया तो जेल जाना पड़ सकता। ऐसा करने वाली भाजपा नेत्री को शुक्रवार को जेल जाना पड़ा। कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर किये जाने की बात कही जा रही है।

पुलिस ने हिरासत में ली गई नेत्री के पास से 50 हज़ार रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं। कूडाघाट आवास विकास कालोनी की रहने वाली भारतीय जनता पार्टी महानगर में मंत्री पर आरोप है कि उन्होंने मोबाइल छीनने के आरोप में 13 अक्तूबर को कैंट पुलिस द्वारा पकड़े गए हर्षित पाण्डेय को जेल जाने से बचाने का वादा किया।

उन्होंने हर्षित के गिरफ्तार न किए जाने के एवज में 50 हजार रुपए की मांग की। हर्षित की मॉ रीता पाण्डेय ने बेटे को छुड़ाने के लिए कैंट थाने पहुंची थी जहां उनकी मुलाकात भाजपा नेत्री से हुई थी। भाजपा नेत्री ने रकम की मांग करते हुए छुड़ाने का आश्वासन दिया था। उसी दिन रीता ने पैसे का इंतजाम कर सरिता को रकम दे दी थी। लेकिन उसके बाद भी हर्षित जेल चला गया।

हर्षित के परिजन तब रकम वापस मांगने लगे लेकिन महिला नेता लौटा नहीं रही थी। शुक्रवार को इसी बात की शिकायत लेकर हर्षित के परिजनों ने अपनी पड़ोसी रिश्तेदार प्रभा पाण्डेय के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर शिकायत की। प्रभा पाण्डेय इलाहीबाग तिवारीपुर की निवासी हैं।

पीड़ित पक्ष ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मामले को संज्ञान में दिलाया। बताया जा रहा है कि जब यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संज्ञान में आया तो उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को कार्रवाई के लिए निर्देशित कर दिया। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी महिला नेता को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला भाजपा नेत्री के पास से 50 हज़ार रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं।

इस संबंध में एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि एक अपराधी को बचाने के नाम पर एक महिला ने 50 हज़ार रुपए लिए थे। उस अपराधी को पहले ही जेल भेज दिया गया था। पैसे लेने वाली महिला को भी गिरफ्तार किया गया है। 50 हज़ार रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।