Home Business हिमाचल में स्वतंत्रता दिवस पर कर्मचारियों की डीए का तोहफा

हिमाचल में स्वतंत्रता दिवस पर कर्मचारियों की डीए का तोहफा

0
हिमाचल में स्वतंत्रता दिवस पर कर्मचारियों की डीए का तोहफा
himachal pradesh announces 6% DA hike
himachal pradesh announces 6% DA hike
himachal pradesh announces 6% DA hike

शिमला। हिमाचल प्रदेश में 69वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह राजधानी शिमला में आयोजित किया गया। राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने की।

उन्होंने राष्ट्रय ध्वज फहराया और पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स तथा एनएसएस के स्वयंसेवियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों को इस वित्त वर्ष के दौरान वाई फाई सुविधा से जोड़ा जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को पहली जनवरी से 6 प्रतिशत महंगाई भत्ता प्रदान करने की घोषणा की, जिससे राजकोष पर 400 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सेंट एडवर्ड स्कूल शिमला के 12वीं कक्षा के विद्यार्थी रहे पारस राठौर के पिता कुलदीप सिंह को सम्मानित किया, जिन्होंने एक दुर्घटना में मारे गये अपने पुत्र के सभी अंगों का दान किया।
उन्होंने जनगणना अभियान, 2011 में सराहनीय सेवाओं के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी राजेन्द्र सिंह को सम्मानित किया जो वर्तमान में उद्योग विभाग के निदेशक हैं।

इसी अभियान में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विज्ञान, पर्यावरण एवं प्रौद्योगिकी विभाग की सचिव नंदिता गुप्ता और हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राम कुमार गौतम को भी रजत पदक से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राष्ट्रीय एम्बुलैंस सेवा के अंतर्गत आठ एम्बुलैंस रवाना कीं, जो मुख्यत: हिमपात से प्रभावित रहने वाले क्षेत्रों में उपयोग में लाई जाएंगी।

वीरभद्र सिंह ने इस अवसर पर अपने सम्बोधन में प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बधाई देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश अपने गठन के बाद से ही तेजी के साथ विकास एवं खुशहाली की राह पर आगे बढ़ा है।

प्रदेश के जि़ला व उप-मण्डल स्तर पर भी समारोह आयोजित किए गए, जहॉें पुलिस, गृह रक्षा, आई.टी.बी.पी और एन.सी.सी के जवानों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक मार्च पास्ट और सांस्कृतिक दलों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रम आकर्षण का केन्द्र बने।