Home Breaking BMC poll 2017 : ठंडा रहा बॉलीवुड का रुख, कई सितारों ने डाले वोट

BMC poll 2017 : ठंडा रहा बॉलीवुड का रुख, कई सितारों ने डाले वोट

0
BMC poll 2017 : ठंडा रहा बॉलीवुड का रुख, कई सितारों ने डाले वोट
maharashtra : BMC and nine other civic bodies polls
maharashtra : BMC and nine other civic bodies polls
maharashtra : BMC and nine other civic bodies polls

मुंबई। मुंबई महानगर पालिका के लिए मंगलवार को हुए मतदान में बॉलीवुड का रुख ठंडा रहा। कुछ सितारे जरुर लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लेते हुए मतदान की जिम्मेदारी निभाने के लिए आगे आए, लेकिन ज्यादातर सितारे गायब ही रहे।

चुनाव में रेखा, जान अब्राहम, अनुष्का शर्मा, श्रद्धा कपूर, गुलजार, राकेश मेहरा, जोया अख्तर, रवीना टंडन, अरबाज खान, उनके पापा सलीम खान, उनकी अम्मी सलमा के अलावा रणबीर सिंह, संजय दत्त की पत्नी मान्यता दत्त, हेमा मालिनी, मिलिंद गुणाजी, श्रेयस तलपड़े, भाग्यश्री वोट डालने वालों में आगे रहे, तो परेश रावल और वरुण धवन उन सितारों में से रहे, जिनको वोटिंग लिस्ट में अपना नाम न पाने से निराशा हुई।

जो लोग आज वोटिंग बूथ से गायब रहे, उनमें तीनों खान सितारों सहित अमिताभ बच्चन का नाम भी रहा। आम तौर पर वोट डालने वालों में सबसे आगे रहने वाले अमिताभ बच्चन आज वोट डालने नहीं आए। उनका पूरा परिवार वोट डालने नहीं आया। तीनों खान सितारों की गैर मौजूदगी का कारण एक ही बताया गया कि तीनों आज शहर से बाहर हैं।

नसीरुद्दीन शाह, रितिक रोशन, अजय देवगन, अक्षय कुमार, सैफ अली, रणबीर कपूर, सुनील शेट्टी, रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण, प्रीति जिंटा शहर में रहते हुए भी वोट डालने के लिए वोटिंग बूथ नहीं पहुंचे। वोट डालने वाले सितारों में आज सबसे बड़ी पहल रेखा की रही, जो पहले आधे घंटे में वोट डालने के लिए पहुंच गईं। इस मौके पर उन्होंने हाथ पर उंगली का निशान जरुर दिखाया, लेकिन मीडिया से किसी और मुद्दे पर कोई बात नहीं की।

गुलजार भी सुबह जल्दी वोट डालने वालों में रहे। गुलजार का कहना था कि युवा पीढ़ी को वोट की अहमियत का एहसास हो रहा है, जो अच्छी बात है। उनका कहना था कि युवा पीढ़ी को मतदान के लिए आगे आना चाहिए। शक्ति कपूर की बेटी श्रद्धा भी जल्दी ही अपनी मां शिवांगी के साथ वोटिंग बूथ पर पंहुची और वोट डालकर वे बहुत खुश थीं।

2014 में लोकसभा के चुनावों के बाद श्रद्धा ने दूसरी बार वोट के अधिकार का इस्तेमाल किया। भाजपा के सांसद और अभिनेता परेश रावल इन दिनों राजकुमार हीरानी के साथ संजय दत्त पर बनने वाली फिल्म की शूटिंग में हिस्सा ले रहे थे। आज वे शूटिंग से पहले जुहू वाले सेंटर पर वोट डालने पंहुचे, तो उनको बताया गया कि वोटर लिस्ट में उनका नाम नहीं है।

परेश रावल निराश होकर लौट गए। इसी तरह की निराशा वरुण धवन को हुई, जो अपनी आने वाली फिल्म बद्रीनाथ की दुल्हनियां के प्रमोशन में बिजी हैं और कल रात ही मुंबई लौटे हैं। उनका नाम भी वोटर लिस्ट से गायब था। वरुण हैरान थे। उन्होंने लोकसभा चुनावों में वोट डाला था। वे भी निराश होकर लौट गए।

मान्यता दत्त बच्चों के साथ पहुंची। अपने पति संजय दत्त की गैर मौजूदगी के लिए उनका तर्क था कि संजय ताज नगरी आगरा में अपनी वापसी वाली फिल्म भूमि की शूटिंग कर रहे हैं। रणबीर सिंह को भंसाली की फिल्म पद्मावती की शूटिंग के लिए जाना था।

शूटिंग पर जाने से पहले वे अपने पिता के साथ वोट देने पहुंचे। दोपहर बाद सलमान के अब्बा सलीम खान अपनी पत्नी सलमा और बेटे अरबाज के साथ वोट डालने आए। सलमान के लिए बताया गया कि वे भी शहर से बाहर हैं।

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने भी नागपुर नगर निगम चुनाव के लिए भारत महिला विद्यालय में बने मतदान केंद्र पर जाकर वोट डाला।

फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के अलावा रेखा, गीतकार गुलजार और अंबानी परिवार की बहू टीना अंबानी ने भी मतदान किया। वहीं, मशहूर निर्देशक जोया अख्तर ने बांद्रा के माउंट मेरी स्कूल में मतदान किया।

जबकि फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने वोट डालने के बाद कहा कि मैंने अपने दिन की शुरुआत वोट डालने के साथ की है। हमारे देश और इसके विकास के लिए वोट डालना हमारा कर्तव्य है। इस दौरान उन्होंने अन्य लोगों को भी मतदान के लिए घर से बाहर निकलने की अपील की। इस बीच, एचडीएफसी बैंक के चेयरमैन दीपक पारेख ने भी अपनी वोट डाला।

किसने कहा डाला वोट

अभिनेत्री श्रद्धा कपूर बीएमसी चुनाव के लिए वोट डाला। इस दौरान मतदान केंद्र में भीड़ होने पर उन्हें कतार में खड़े रहना पड़ा।

फिल्म अभिनेता रणवीर सिंह और उनके पिता ने मुम्बई में बीएमसी चुनाव के तहत मतदान किया।

अभिनेता जॉन अब्राहम और निर्देशक किरण राव ने भी वोट डाला है।

अभिनेत्री रेखा और निर्देशक जोया अख्तर ने बांद्रा में वोट डाला।

राज्य के शिक्षा मंत्री विनोद तावडे ने मुंबर्इ में अपना वोट डाला।

गीतकार प्रसून जोशी और अभिनेत्री रेणुका सहाणे ने मुंबई में अपना वोट डाला है।

शिवसेना के मनोहर जोशी ने शिवाजी पार्क के पोलिंग बूथ पर मतदान किया।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर टाउन हॉल के पोलिंग बूथ पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

राष्ट्रवादी कांग्रेस के अध्यक्ष शरद पवार ने मुंबर्इ में महालक्ष्मी वेस्ट की पोलिंग बूथ 214 (1) पर वोट डाला।

भाजपा प्रवक्ता शायना एनसी ने साइकिल की सवारी कर मुम्बई में पोलिंग बूथ पर पहुंची और अपना वोट डाला।

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने बीएमसी चुनाव के तहत अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

मुम्बई नगर आयुक्त अजय मेहता ने पेड्डर रोड स्थित मतदान केंद्र 214 (18) पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने पत्नी और बेटी विधायक प्रणिती शिंदे के साथ सोलापुर में वोट डाला।