Home India City News हिमाचल प्रदेश में अंधड़ से कई जगह हुआ नुक्सान

हिमाचल प्रदेश में अंधड़ से कई जगह हुआ नुक्सान

0
हिमाचल प्रदेश में अंधड़ से कई जगह हुआ नुक्सान

strom

शिमला। हिमाचल के अधिकांश हिस्सों में पिछली रात धूल भरी आंधी और बारिश से तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। जिससे उमस भरी गर्मी का असर कम होने से लोगों को राहत तो मिली, लेकिन अंधड़ ने कई जगह कहर बरपाया और इससे जनजीवन प्रभावित हुआ।

शिमला समेत कई इलाकों में बीती रात धूल भरी आंधी चलने से अफरा-तफरी मच गई। कई जगह बिजली गुल हो गई। शिमला में बीसीएस क्षेत्र में बिजली की तार पर पेड़ गिरने की घटना सामने आई है। तुफान से चंबा जिले में भनोई प्राइमरी स्कूल की छत गिर गई। इस घटना में 3 स्कूली बच्चियां घायल हो गईं।

सूत्रों के अनुसार इस स्कूल का भवन पहले से ही जर्जर हालत में था और अंधड़ से एक कमरे की सीलिंग अचानक गिर गई। जिसकी चपेट में आने से तीन बच्चियां बुरी तरह से घायल हो गई। इनके सिर और पीठ पर चोटें आई हैं।

घटना के बाद स्कूल में हड़कंप कच गया। बच्चियां मलबे में दब गईं, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। जिले के कई इलाकों में बिजली की आपूर्ति बीते 12 घंटों से ठप्प है।

इस बीच मौसम में आए इस बदलाव से राज्य में लोगों को गर्मी से राहत पहुंची है। पिछले कई दिनों से लोग भीष्ण गर्मी से परेशान थे। एक दिन पहले ऊना में दिन का पारा 42 डिग्री के करीब पहुंच गया था। लेकिन अब मौसम में आए बदलाव से तापमान एकाएक गिर गया है।

इस बीच मौसम विभाग ने राज्य में धूल भरी आंधी के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है।
शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव आया है तथा अगले 48 घंटों तक इसका प्रभाव रहेगा। उन्होंने कहा कि निचले व मध्यवर्ती क्षेत्रों में आज भी अंधड़ चलने की आशंका है। इसके साथ बारिश भी हो सकती है।