Home Breaking मोदी मंत्रिमंडल में 9 नए मंत्री शामिल, 4 को पदोन्नत कर कैबिनेट मंत्री बनाया

मोदी मंत्रिमंडल में 9 नए मंत्री शामिल, 4 को पदोन्नत कर कैबिनेट मंत्री बनाया

0
मोदी मंत्रिमंडल में 9 नए मंत्री शामिल, 4 को पदोन्नत कर कैबिनेट मंत्री बनाया
Modi Cabinet reshuffle: swearing in ceremony at Rashtrapati Bhavan
Modi Cabinet reshuffle: swearing in ceremony at Rashtrapati Bhavan

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। नए मंत्रिमंडल में चार राज्य मंत्रियों धर्मेद्र प्रधान, निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल और मुख्तार अब्बास नकवी को पदोन्नत कर कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है और नौ को राज्य मंत्री बनाया गया है, जिनमें से चार पूर्व नौकरशाह हैं।

मोदी के मंत्रिमंडल का विस्तार होने के बाद प्रधानमंत्री सहित कुल 76 मंत्री हो गए हैं, जिनमें 28 कैबिनेट मंत्री हैं।

मंत्रियों को राष्ट्रपति भवन में 35 मिनट तक चले शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शपथ दिलाई। समारोह में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद और कुछ नए मंत्रियों के परिवार के सदस्य शामिल हुए।

पदोन्नत हुए चार मंत्री पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेद्र प्रधान, विद्युत, कोयला, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा व खनन मंत्री पीयूष गोयल, वाणिज्य व उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमण और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी हैं।

निर्मला सीतारमन बनीं रक्षा मंत्री, पढें किस मंत्री को मिला कौनसा विभाग

पूर्व राजनयिक हरदीप सिहं पुरी, गजेंद्र सिंह शेखावत (सांसद), पूर्व मुंबई पुलिस आयुक्त सत्यपाल सिंह (सांसद), पूर्व नौकरशाह केजे अल्फोंस और सासंदों अश्विनी चौबे, शिव प्रताप शुक्ला, वीरेंद्र कुमार, अनंत कुमार हेगड़े और राजकुमार सिंह को राज्य मंत्री बनाया गया है।

मंत्रिमंडल विस्तार में जनता दल-युनाइटेड सहित भाजपा के सहयोगी दलों को जगह नहीं मिली।

नए मंत्रियों या मौजूदा मंत्रियों को कौन सा मंत्रालय मिला है, इस बारे में प्रधानमंत्री की संस्तुति पर राष्ट्रपति भवन से प्रेस विज्ञप्ति जारी होने के बाद ही पता चल पाएगा। शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रधानमंत्री चीन रवाना हो गए।

नए चेहरों में चार पूर्व नौकरशाह हैं, जबकि पुरी और अल्फोंस संसद सदस्य नहीं है। आर. के. सिंह और सत्यपाल लोकसभा सांसद हैं। चार अन्य लोकसभा से हैं और एक मंत्री राज्यसभा से हैं।

पुरी संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि रह चुके हैं। 1974 बैच के आईएफएस अधिकारी रहे पुरी 2014 लोकसभा चुनाव के ठीक पहले भाजपा में शामिल हुए थे।

अल्फोंस पूर्व आईएएस अधिकारी हैं, जो केरल भाजपा से जुड़े। बतौर जिलाधिकारी उन्होंने 1989 में कोट्टयम को देश का पहला साक्षर शहर बनाने में मुख्य भूमिका निभाई।

बिहार के आरा से लोकसभा सांसद आर.के. सिंह संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार में केंद्रीय गृह सचिव रह चुके हैं। उत्तर प्रदेश के बागपत से सांसद सत्यपाल सिंह मुंबई पुलिस आयुक्त रह चुके हैं।

उत्तर प्रदेश के राज्यसभा सांसद शिव प्रताप शुक्ला ग्रामीण विकास पर संसदीय स्थायी समिति के सदस्य हैं और उत्तर प्रदेश में चार बार विधायक रह चुके हैं।

वीरेंद्र कुमार मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से छह बार सांसद रहे हैं और श्रम मामलों में संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष हैं।

कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ से लोकसभा सांसद हेगड़े एक अनुभवी सांसद हैं जो पांच बार चुनाव जीत चुके हैं। वह विदेश मामलों और मानव संसाधन विकास मामले की संसदीय स्थायी समिति के सदस्य हैं।

राजस्थान के जोधपुर से पहली बार सांसद बने शेखावत तकनीकी जानकार और प्रगतिशील किसान रहे हैं।

सुरेश प्रभु ने रेल मंत्री का पद जाने के संकेत दिए

सुरेश प्रभु ने रविवार को रेल मंत्री का पद जाने के संकेत दिए। प्रभु ने राष्ट्रपति भवन में मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद ट्वीट कर कहा कि रेलवे के 13 लाख से अधिक परिवारों के सहयोग और प्यार के लिए धन्यवाद। ये यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी। आपके सुखद जीवन की कामना करता हूं। सुरेश प्रभु के कार्यकाल के दौरान कई रेल दुर्घटनाएं हुई हैं।

मोदी ने नए मंत्रियों को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कैबिनेट मंत्रियों और राज्य मंत्रियों के रूप में शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को बधाई दी और कहा कि इन लोगों के ज्ञान से उनकी सरकार को बहुत अधिक लाभ होगा।

मोदी ने ट्वीट किया कि मैं उन सभी को बधाई देता हूं, जिन्होंने आज शपथ ली। उनके अनुभव और ज्ञान से मंत्रिपरिषद को अपार लाभ मिलेगा।

उन्होंने निर्मला सीतारमण, धर्मेंद्र प्रधान, पीयूष गोयल और मुख्तार अब्बास नकवी को कैबिनेट मंत्री के रूप में पदोन्नत किए जाने पर विशेष रूप से बधाई दी।