Home India City News अहमदनगर शहर की यातायात में बाधा बनने वाले 68 धार्मिक स्थल हटाए जाएंगे

अहमदनगर शहर की यातायात में बाधा बनने वाले 68 धार्मिक स्थल हटाए जाएंगे

0
अहमदनगर शहर की यातायात में बाधा बनने वाले 68 धार्मिक स्थल हटाए जाएंगे

मुंबई। मुंबई उच्च न्यायालय के आदेशानुसार अहमदनगर शहर में यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अवैध धार्मिक स्थलों को हटाने के लिए महानगरपालिका ने तैयारी पूरी कर ली है। जल्द ही भारी पुलिस बंदोबस्त के साथ होने वाली कार्रवाई के पहले चरण में 68 धार्मिक स्थलों को हटाया जाएगा।

उच्च न्यायालय के आदेश के उपरांत अहमदनगर शहर में किए गए सर्वेक्षण के अनुसार मनपा के चार प्रभाग कार्यालय के परिसर में कुल 104 धार्मिक स्थल पाए गए हैं, जिसे हटाने का नियोजन किया गया है। इस कार्रवाई के पहले चरण में चार ही प्रभाग कार्यालयों के क्षेत्र में कुल 68 धार्मिक स्थल हटाने का नियोजन किया गया है।

वास्तविकता में यह कार्रवाई दीपावली के पहले कराने का नियोजन था, लेकिन अब दीपावली के काफी नजदीक आने के मद्देनजर अब पर्व के बाद ही धार्मिक स्थल हटाने की कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।

मुंबई उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार इन सभी धार्मिक स्थलों को 17 नवंबर के पहले निष्कासित करना अनिवार्य है। मनपा द्वारा किए गए सर्वेक्षण के अनुसार शहर में 1960 के बाद निर्माण किए गए 68 धार्मिक स्थल हैं।

1960 के पहले निर्माण किए गए 31 धार्मिक स्थल हैं, जिन्हें दूसरे चरण में निष्कासित किया जाएगा और तीसरे चरण में 5 धार्मिक स्थलों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। नगर शहर में महापालिका के चार प्रभाग कार्यालय हैं।

बाधा निर्माण करने वाले धार्मिक स्थलों को हटाने की जिम्मेदारी संबंधित प्रभाग अधिकारी को सौंपी जाएगी। इस दृष्टि से पहले चरण में धार्मिक स्थलों की प्रभाग कार्यालय के अनुसार सूची तैयार करके प्रभाग अधिकारी को सौंपी जाएगी और दीपावली का त्यौहार और अन्य अवकाश के कारण कार्रवाई के लिए काफी कम अवधि बचा है। इस कारण मनपा प्रशासन ने काफी सावधानी से कार्रवाई का नियोजन किया है।