Home India City News भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए परिश्रम करें युवा: केंद्रीय मंत्री सोनोवाल

भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए परिश्रम करें युवा: केंद्रीय मंत्री सोनोवाल

0
भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए परिश्रम करें युवा: केंद्रीय मंत्री सोनोवाल

sarva

भोपाल। केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सर्वानन्द सोनोवाल ने कहा है कि मेहनत के जरिये परिवर्तन लाया जा सकता है। युवा भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए कड़ा परिश्रम करें।

सोनोवाल ने यह बात सिंहस्थ में नेहरू युवा केन्द्र द्वारा स्वच्छता के लिए लगाए गए एक माह के विशेष सेवा शिविर को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर परिवहन एवं जिला प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र सिंह, सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, विधायक द्वय अनिल फिरोजिया और डॉ. मोहन यादव, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेन्द्र गिरि महाराज मौजूद थे।

सोनोवाल ने कहा कि सिंहस्थ ऐतिहासिक अवसर है, जहां देश के विभिन्न भाग से आए युवा भक्ति भाव के साथ स्वच्छता के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ में भाग ले रहे युवा बेहद भाग्यशाली हैं कि उन्हें बुजुर्गों का आर्शीवाद प्राप्त है।

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति का फैलाव विदेशों में भी हो रहा है। विदेशी नागरिक हमारे देश में आकर भारतीय संस्कृति को अपना रहे हैं तथा भारत विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने नेहरू युवा केन्द्र के युवाओं को स्वच्छता कार्य के लिए शुभकामनाएँ दी।

नरेन्द्र गिरि महाराज ने कहा कि सिंहस्थ मेले को स्वच्छ बनाने के लिए आए युवा बधाई के पात्र हैं। प्रदेश सरकार ने सिंहस्थ के लिए एक से एक बेहतरीन व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि सन्तों की शरण में आने से ज्ञान की प्राप्ति होती है।

देश के विभिन्न भागों में समय-समय पर होने वाले कुम्भ भारतीय संस्कृति और परंपरा को विस्तारित करते हैं। उन्होंने युवाओं से अनुरोध किया है कि वे अपनी संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करें।