Home Breaking नेताजी का इशारा ही हमारे लिए आदेश : शिवपाल यादव

नेताजी का इशारा ही हमारे लिए आदेश : शिवपाल यादव

0
नेताजी का इशारा ही हमारे लिए आदेश : शिवपाल यादव
Netaji mulayam singh's signal as order for us : Shivpal Yadav
Netaji mulayam singh's signal as order for us  : Shivpal Yadav
Netaji mulayam singh’s signal as order for us : Shivpal Yadav

लखनऊ/मैनपुरी। अखिलेश सरकार के कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को कहा कि नेताजी के साथ काफी काम किया है, उनसे काफी कुछ सीखा भी है। मेरे लिए उनका इशारा ही आदेश है। कहा कि अपनी नाराजगी सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव को बताई है।

शिवपाल ने कहा कि पार्टी का मैं समर्पित सिपाही हूं। मुझे जो भी निर्देश मिलेगा, उसे मैं पूरा करुंगा। अगर नेताजी चुनाव लड़ने के लिए कहें तो उसके लिए भी तैयार हूं। उन्होंने कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) पार्टी हित में मेरा जहां भी उपयोग करना चाहें कर सकते हैं।

पार्टी के लिए प्रदेश, देश व दुनिया में जहां भी जाना पड़े तो वहां जाने के लिए तैयार हूं। अंसारी बन्धुओं के सपा में शामिल होने के सवाल पर कहा कि उनके मामले में नेताजी ही निर्णय लेंगे।

मैनपुरी पहुंचे सिंचाई मंत्री शिवपाल ने कहा कि सचमुच में ब्यूरोक्रेसी किसी की नहीं होती। उन्होंने कहा कि मेरे बार-बार कहने और निर्देश देने के बाद भी कई काम पूरे नहीं हुए।

प्रदेश में हो रहे कब्जे और उत्पीड़न के खिलाफ शिवपाल ने कहा कि सरकार द्वारा लगातार कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। सपा नेताओं द्वारा जमीन कब्जे के सवाल पर कहा कि प्रदेशभर में इसके खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इस मामले में जो भी संलिप्त होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से उत्पीड़न और भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर मैदान में उतरने का आह्वान किया। इस दौरान शिवपाल ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उनके विकासपरक योजनाओं के लिए आभार भी प्रकट किया।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को मुलायम सिंह यादव शिवपाल का पक्ष लेते हुए कहा था कि अगर वे मंत्री से हट जाएं तो सरकार की ऐसी की तैसी हो जाएगी। उन्होंने पार्टी नेताओं पर शिवपाल को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया था।

उधर, रामपुर में यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री आजम खां ने सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के बयान पर सहमती जताते हुए कहा कि अगर नेताजी को लगता है कि शिवपाल यादव को पार्टी के कुछ नेता नुकसान पहुंचा रहे हैं तो वे उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लें। आजम ने मुलायम सिंह यादव को भ्रष्ट मंत्रियों व अधिकारियों पर भी कड़ा ऐक्शन लेने का आग्रह किया।