Home Headlines स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगे में नहाया उत्तर प्रदेश विधान सभा भवन

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगे में नहाया उत्तर प्रदेश विधान सभा भवन

0
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगे में नहाया उत्तर प्रदेश विधान सभा भवन

rajbhawan

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश का विधान सभा भवन राष्ट्रीय ध्वज की रंगों वाली बिजली की झालरों से सजाया गया है। दिन का उजाला खत्म होते ही रात में जैसे ही बिजली जली तो पूरी इमारत तिरंगे में नहाई नजर आने लगी।

सोमवार को पूरा देश 70वां स्वतंत्रता दिवस मनायेगा। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए राजधानी लखनऊ में विशेष तैयारियां की गई हैं। विधानसभा मार्ग पर सुबह आठ बजे मार्च पास्ट होगा।

इस परेड में घुड़सवार पुलिस, पीएसी के जवान, पीएसी बैंड, यूपी पुलिस के जवान, होमगार्डस टुकड़ी और विभिन्न विद्यालयों के बच्चे शामिल होंगे। यह परेड गोल्फ क्लब चैराहे से होकर हजरतगंज होते हुए विधान भवन पर आकर खत्म होगी।

विधान भवन के ठीक सामने बन रहे नये सचिवालय भवन पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ध्वजारोहण करेंगे और वहीं से परेड की सलामी लेंगे। इसके पूर्व राज्यपाल राम नाईक सुबह साढ़े सात बजे राजभवन में झंडा फहराएंगे। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अहमद भी सुबह साढ़े सात बजे डीजीपी हेडक्वार्टर पर तिरंगा फहराएंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश के मुख्य सचिव दीपक सिंघल और मंत्रिमंडल के सदस्य मुख्यमंत्री के साथ नवीन सचिवालय भवन के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होंगे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी समेत पूरे प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित होंगे। चैराहों पर देशभक्ति के गीतों को ब्राडकास्ट कराया जाएगा।

शाम को राजभवन में विशेष कार्यक्रम आहूत है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उनकी कैबिनेट के अन्य सदस्यों और सूबे के वरिष्ठ अधिकारियों को राज्यपाल की तरफ से आमंत्रित किया गया है।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी में होने वाले मार्च पास्ट के चलते रूट डायवर्जन भी किया गया है। इसके लिए ट्रैफिक और जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है।

गोल्फ क्लब से लेकर विधानभवन तक परेड निकलेगी। इसलिए विधानसभा मार्ग पर रॉयल होटल और हजरतगंज के बीच सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक आम वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।