
15 महीने बाद कोर्स पर लौटे वुड्स, 5वें स्थान पर रहे

नासाऊ (बहमास)। बीते सप्ताह के अंत में भले ही टाइगर वुड्स कोर्स पर अपनी वापसी को लेकर चर्चा में रहे हों, लेकिन 2016 हीरो वर्ल्ड चैलेंज गोल्फ खिताब जापान के हिदेकी मात्सुयुमा ने अपने नाम किया। जीतने के बाद उन्होंने कहा कि इस महान गोल्फर की मेजबानी में होने वाला टूर्नामेंट जीतकर वह गौरवान्वित हैं।
15 महीने बाद कोर्स पर लौटे वुड्स 17 खिलाड़ियों में 15वें स्थान पर रहे। उन्होंने आखिरी दौर में चार ओवर 76 का स्कोर किया। वुड्स के लिए सातवां और आखिरी राउंड सनसनीखेज रहा, जिसमें उन्होंने पांच बर्डी खेली और तीन बोगी तथा तीन डबल बोगी मारी। वुड्स का कुल चार अंडर 284 का स्कोर रहा और वह मात्सुयामा से 14 शॉट पीछे रहे।
वुड्स ने कहा, ‘मैंने इस सप्ताह कुछ बर्डी लगाए, जो अच्छी बात है। मैं आक्रामक खेल रहा था। मैंने कुछ गलतियां भी कीं। मसलन दो बार सात का स्कोर किया। मेरे लिए सबसे अच्छी बात यह है कि मैं वापसी कर रहा हूं और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाडि़यों के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहा हूं। मैं इसका बहुत इंतजार कर रहा था। मैं वापसी करके बहुत खुश हूं।’
मात्युसुमा ने आखिरी दौर में 73 का स्कोर किया। यह पिछले पांच टूर्नामेंटों में उनकी चौथी जीत है। रियो ओलंपिक के रजत पदक विजेता स्वीडन के हेनरिक स्टेंसन दो स्ट्रोक्स पीछे रहे।
2 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित करने वाला बांद्रा का सैयद परिवार ‘लापता’

नई दिल्ली। आयकर विभाग ने आय घोषणा योजना के तहत मुंबई में चार लोगों के एक परिवार द्वारा दो लाख करोड़ रुपये की आय घोषणा को अस्वीकार कर दिया है।
वित्त मंत्रालय ने कहा कि इस मामले की पूरी जांच होगी। परिवार में अब्दुल रज्जाक मोहम्मद सैयद, पुत्र मोहम्मद आरिफ अब्दुल रज्जाक सईद, पत्नी रुखसाना अब्दुल रज्जाक सैयद और बेटी नूरजहां मोहम्मद सईद हैं। यह परिवार मुंबई के ब्रांदा इलाके में रहता है।
वित्त मंत्रालय का कहना है कि इस परिवार की घोषणाएं ‘संदिग्ध चरित्र की लगती हैं क्योंकि इस परिवार के आय के संसाधन सीमित हैं।’ इनकम डिस्क्लोजर स्कीम (आईडीएस) यानी आय की घोषणा स्कीम के तहत की गई थी। इस स्कीम के तहत यदि कोई अघोषित आय को जाहिर करता है तो उसको घोषित आय का 45 प्रतिशत टैक्स, सरचार्ज और पेनल्टी के रूप में देना होगा। इस स्कीम की अंतिम तारीख 30 सितंबर थी। सरकार की ओर से यह विंडो पीरियड 4 महीने का था।
आयकर अधिकारी आईडीएस के तहत 13860 करोड़ रुपये की घोषणा करने वाले गुजराती कारोबारी महेश शाह की भी जांच कर रहे हैं। शाह को तीन दिसंबर को आयकर विभाग ने हिरासत में ले लिया था। आईडीएस के तहत 30 सितंबर तक सरकार को 45 प्रतिशत टैक्स देकर अघोषित आय घोषित की जा सकती थी। सरकार ने एक अक्टूबर को बताया था कि आईडीएस के तहत 65250 करोड़ रुपये की अघोषित संपत्ति का खुलासा हुआ था।
हालांकि बाद में इसमें सुधार करते हुए सरकार ने आईडीएस के तहत कुल 67382 करोड़ रुपये की अघोषित संपत्ति सामने आने की बात कही। वित्त मंत्रालय के अनुसार सैयद और शाह द्वारा घोषित की गई संपत्ति को इस 67,382 करोड़ रुपये में नहीं शामिल किया गया है। इन दोनों के साधारण कारोबारी होने की वजह से आयकर को उन पर संदेह हुआ और उनकी जांच शुरू कर दी गई।
जहां सैयद परिवार को कोई भी सदस्य अभी सामने नहीं आया है वहीं शाह ने एक निजी टीवी चैनल पर आकर कहा था कि उन्होंने कई राजनेताओं और नौकरशाहों के पैसे आईडीएस के तहत घोषित किए थे और वक्त आने पर वो सबका नाम उजागर कर देंगे। बाद में आयकर विभाग ने शाह से पूछताछ भी की। वहीं सैयद परिवार से पुलिस या आयकर अधिकारियों ने अभी तक कोई पूछताछ नहीं की है। ये साफ नहीं है कि अधिकारियों को सैयद परिवार के असली ठिकाने के बारे में पता है या नहीं?
अशोक सिंघल की पुण्यतिथि पर विहिप और बजरंगदल करेगा रक्तदान

जयपुर। अयोध्या में कार सेवकों की याद में विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल हुतात्मा दिवस के रूप में हर साल रक्तदान दिवस के कार्यक्रम 2 नवंबर से 6 नवंबर के बीच पूरे देश में आयोजित करता है।
INS बेतवा गिरा, 2 नौसैनिकों की मौत, 15 घायल

नई दिल्ली। नौसेना का युद्धपोत आईएनएस बेतवा आज ड्राई डॉक से समुद्र में उतारते समय पलट गया। इस हादसे में दो नौसैनिक मारे गए हैं और 14 घायल हो गए हैं।
नौसेना के प्रवक्ता कैप्टन डीके शर्मा ने कहा कि यह हादसा दोपहर 01.50 बजे उस समय हुआ, जब युद्धपोत डॉक से अलग हो रहा था। दुर्घटना का कारण डॉक-ब्लाक प्रणाली का फेल होना बताया जा रहा है। हादसे के समय युद्धपोत मिसाइलों और अन्य अत्याधुनिक हथियारों से लैस था। लापता नाविकों की तलाश की जा रही है और नौसेना ने दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
नौसेना के किसी पोत को पहली बार इस तरह के हादसे का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि 15 घायलों में एक की हालत गंभीर है। नौसेना सूत्रों के अनुसार, नियमित कार्यक्रम के दौरान इस युद्धपोत की मरम्मत की जा रही था, लेकिन यह डॉक से अलग कर वापस पानी में छोड़े जाते समय यह एक तरफ झुक कर गिर गया।
आईएनएस बेतवा पश्चिमी नौसेना कमान का मुख्य युद्धपोत है। 126 मीटर लंबे ब्रह्मपुत्र श्रेणी का युद्धपोत का वजन 4 हजार टन है और यह वर्ष 2004 में नौसेना के बेड़े में शामिल हुआ था। इसकी अधिकतम गति 55 किलोमीटर है। यह युद्धपोत को मार गिराने वाली मिसाइल उड़ान, सतह से हवा में मार करने वाली बराक-1 मिसाइल और टारपीडो से लैस है।
2014 में हादसे का शिकार हुआ था
जनवरी 2014 में एक अज्ञात वस्तु से टकराने के बाद समुद्री सतह पर धंस गया था। जहाज का सोनार सिस्टम क्षतिग्रस्त हो गया था और उपकरणों में पानी चला गया था।