Home India City News छलावे पर टिकी है भाजपा की विचारधारा : सचिन पायलट

छलावे पर टिकी है भाजपा की विचारधारा : सचिन पायलट

0
छलावे पर टिकी है भाजपा की विचारधारा : सचिन पायलट
PCC President sachin pilot Addressing the protest at the Civil Lines gate jaipur
PCC President sachin pilot Addressing the protest at the Civil Lines gate jaipur
PCC President sachin pilot Addressing the protest at the Civil Lines gate jaipur

जयपुर। प्रदेश की भाजपा सरकार वाहवाही लूटने के लिए दावा कर रही है कि प्रदेश के विकास को अंजाम देने के लिए दो वर्षों में भाजपा सरकार ने अनगिनत योजनाएं बनाकर प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकाला है वहीं दूसरी ओर जब भाजपा सरकार की नाकामी को लेकर प्रश्न खड़े होते हैं तो अपनी कमियों को छुपाने के लिए कांग्रेस को कोसना शुरू कर देती है जो बताता है कि भाजपा की विचारधारा ही छलावे पर टिकी है।

उक्त विचार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने सोमवार को जयपुर शहर एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा आयोजित मौन जुलूस के बाद सिविल लाईन्स फाटक पर धरने को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। पायलट ने कहा कि भाजपा के राज में अराजकता व्याप्त है। प्रदेश में हो रहे भ्रष्टाचार व अपराधों को लेकर भाजपा का मौन बताता है कि यह सब कुछ उसे स्वीकार्य है।

उन्होंने कहा कि खनन घोटाले पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह,मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित कैबीनेट के सदस्यों की चुप्पी उनके अपराधबोध को सिद्ध कर रही है। समाज के हर वर्ग पर हो रहे अत्याचार ने प्रदेश की भाजपा सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर किया है।

उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण जनता हाहाकार कर रही है वहीं भाजपा सरकार ने अपनी वर्षगांठ पर भाजपा कार्यकर्ताओं को एकत्रित करने में जनता की गाढ़ी कमाई को पानी की तरह बहाया है। इन दो वर्षों के दौरान प्रदेश में भाजपा की कार्यप्रणाली से समाज के हर वर्ग में हताशा है।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश में लोकतंत्र की जगह राजशाही है जहां सरकारी वर्षगांठ को मनाने के लिए करोड़ों रूपए खर्च कर जश्न मनाया जाता है। उन्होंने भाजपा सरकार पर कांग्रेस सरकार की सभी लोककल्याणकारी योजनाओं को बंद करने का आरोप लगाते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री व उनके सांसद पुत्र दोनों मिलकर भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रहे हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं राजस्थान सहप्रभारी मिर्जा ईरशाद बेग ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे किस बात का जश्न मना रही हैं। जिस प्रदेश में 60 किसान सरकारी अनदेखी के कारण आत्महत्या कर चुके हों और जिस प्रदेश में अपराधी बैखोफ घूमते हों उस सरकार को कोई नैतिक अधिकार नहीं है कि वह अपनी वर्षगांठ मनाने के नाम पर सरकारी धन का दुरूपयोग करे।

पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री जितेन्द्र सिंह कहा कि भाजपा सरकार की गत् दो वर्षों की एकमात्र उपलब्धि यह है कि उन्होंने राजीव गांधी सेवा केन्द्रों का नाम बदलकर अटल सेवा केन्द्र कर दिया है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश की भाजपा सरकार द्वेषवश बौखलाकर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ झूठे मुकदमें दर्ज कर रही है।

धरना स्थल पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया सेन्टर द्वारा प्रकाशित पत्रक को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट एवं उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं ने जारी किया जिसमें राज्य की भाजपा सरकार के स्वराज संकल्प घोषणा पत्र की वादाखिलाफी को उजागर करते हुए भाजपा के दो वर्ष के कुशासन का पर्दाफाश किया गया है।

नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी,प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष डॉ. गिरिजा व्यास, डॉ. बीडी कल्ला, डॉ.चन्द्रभान, केन्द्रीय राज्यमंत्री नमोनारायण मीणा, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रतापसिंह खाचरियावास ने भी धरने को सम्बोधित किया।