Home UP Ballia पाक को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए बंद हुए बड़े नोट : राजनाथ सिंह

पाक को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए बंद हुए बड़े नोट : राजनाथ सिंह

0
पाक को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए बंद हुए बड़े नोट : राजनाथ सिंह
rajnath singh addresses parivartan rally in UP ballia
rajnath singh addresses parivartan rally in UP ballia
rajnath singh addresses parivartan rally in UP ballia

बलिया। केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि पड़ोसी देश पाकिस्तान जाली नोट और आतंक को प्रश्रय दे रहा है। उसकी इस छद्म नीति का मुंहतोड़ जबाब देने के लिए प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल (कैबिनेट) ने 500 और 1000 रुपए के पुराने नोट को बंद करने का निर्णय लिया।

बलिया में भाजपा की चौथी परिवर्तन यात्रा की शुरुआत के मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ ने बुधवार को कहा कि पाकिस्तान आतंकपरस्त देश है। वह हमारे देश में जाली नोट के माध्यम से आतंक को बढ़ा रहा है।

अपनी छद्म नीतियों के चलते पाकिस्तान आज विश्व समुदाय में अलग थलग पड़ गया है। उसके इस छद्म नीति को विफल करने के लिए देश की करेंसी बदली गई है। उन्होंने कहा कि इस कदम से हमने पाक को सन्देश दे दिया है कि हम इधर भी मार सकते हैं और उधर भी।

उन्होंने कहा कि कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री द्वारा काले धन और भ्रष्टाचार हटाने की बात कही जाती रही जिसके क्रम में 500 और 1000 के नोटों को बन्द का निर्णय कैबिनेट में लिया गया।

राजनाथ ने कहा कि भारत की राजनीति में 08 नवम्बर का दिन ऐतिहासिक रहा। आने वाले दिनों में देश आर्थिक शक्ति बनेगा जिसका पूरा श्रेय मोदी सरकार को जाएगा। उन्होंने इस दौरान अमरीका में डोनाल्ड ट्रंप की राष्ट्रपति के लिए चुनाव में जीत पर उन्हें बधाई भी दी।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बारे में चर्चा करते हुए राजनाथ ने कहा कि भाजपा यहां सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि समाज बनाने के लिए सत्ता परिवर्तन करना चाहती है। उन्होंने जनता से अपील की कि प्रदेश में इस बार भाजपा का झंडा बुलंद कर दें तो हम पूरी दुनिया में तिरंगा फहरा के दिखाएंगे।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर प्रहार करते हुए कहा कि वह पहले अपने परिवार के झगड़ा सुलझाए या कैबिनेट से पास कर आज ही चुनाव कराएं।

सभा को सम्बोधित करते हुए केंद्रीय संचार मंत्री मनोज सिन्हा ने कहाकि जनता के सहयोग से भाजपा की केंद्र में सरकार बनी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ढाई वर्षों में देश में बहुत विकास कार्य हुआ। दुनिया के विकसित देशों में भारत का भी नाम आने लगा व भारत सबसे तेजी से आर्थिक विकास करने वाले देश में शामिल हुआ।

एक तरफ जहां समूचे विश्व में आर्थिक मण्दी का दौर चल रहा है वही भारत का निरन्तर विकास का श्रेय मोदी सरकार को जाता है। बदलाव चेहरे बदलने की नहीं बल्कि विकास का परिवर्तन होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हम कानून का राज स्थापित करना चाहते हैं। लोग भाजपा की तरफ आशावान निगाहों से देख रहे हैं। दावा किया कि पूर्वांचल में भाजपा को सबसे ज्यादा सीटें मिलेंगी।

प्रदेश की अखिलेश सरकार पर प्रहार करते हुए सिन्हा ने कहा कि पुलिस भर्ती हो या लोकसेवा आयोग सबसे अधिक सफल अभ्यर्थी इटावा और मैनपुरी के लोग होते हैं जिनमें खुलेआम धांधली व भ्रष्टाचार का सहारा लिया जाता है। इस धोखे के खेल को युवा कभी माफ नही करेगा।

केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने इस अवसर पर कहा कि मेहनती व ईमानदारों के हितों के प्रति मोदी सरकार सजग व समर्पित है। पूर्वांचल की बदहाली का वर्णन करते हुए कहा कि संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद बलिया विकास से दूर है, मिलें बंद हैं, युवा बेरोजगार है और किसान उपेक्षित हैं। कलराज ने कहा कि प्रदेश को विकासशील और स्थायी सरकार सिर्फ भाजपा ही दे सकती है।

कार्यक्रम को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय मंत्री एवं परिवर्तन यात्रा के संयोजक डॉ. महेन्द्र सिंह सहित कई नेताओं ने भी संबोधित किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भी आना था लेकिन, वह नहीं पहुंचे सके।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा प्रदेश में चार परिवर्तन यात्राएं निकाल रही है। इससे पहले भाजपा की तीन परिवर्तन यात्राएं सहारनपुर , झांसी व सोनभद्र से रवाना हो चुकी हैं।

ये यात्राएं प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरती हुई 24 दिसंबर को लखनऊ में पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। उसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ में रैली भी करेंगे। इस यात्रा के दौरान मोदी की कुल छह रैलियां प्रस्तावित हैं।