Home World Europe/America रूसी सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त, सवार सभी 92 लोगों की मौत

रूसी सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त, सवार सभी 92 लोगों की मौत

0
रूसी सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त, सवार सभी 92 लोगों की मौत
Russian military plane crashes
Russian military plane crashes
Russian military plane crashes

मॉस्को। सीरिया जा रहा रूस का सैन्य विमान TU-154 रविवार सुबह काला सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें सवार सभी 92 लोगों की मौत हो गयी। विमान में 84 यात्री समेत रूस के चर्चित और सेना के अधिकारिक बैंड एलेक्सांद्रो एनसेंबल के सदस्य, नौ पत्रकार और चालक दल के आठ सदस्य सवार थे।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ‘रेड आर्मी क्वायर’ के नाम से विख्यात यह म्युजिकल ग्रुप नववर्ष पर सीरिया स्थित रूसी वायुसैनिक अड्डे पर आयोजित होनेवाले एक समारोह में हिस्सा लेने के लिए जा रहा था।
विमान सवारों में सैनिकों के साथ नववर्ष का जश्न मनाने के लिए जा रहे ‘रेड आर्मी क्वायर’ के सदस्य भी थे। रूस के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाशेंकोव ने रूसी समाचार एजेंसियों को बताया कि दक्षिणी शहर आदलर में ईंधन भरने के बाद वहां से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद रूसी विमान टीयू-154 काला सागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान स्थानीय समयानुसार सुबह पांच बजकर 25 मिनट (भारतीय समयानुसार सुबह सात बजकर 55 मिनट) पर उड़ान भरने के केवल दो मिनट बाद रडार से लापता हो गया।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री दमित्री मेदवेदेव को हादसे की जांच के लिए सरकारी आयोग का नेतृत्व करने का आदेश दिया। विमान ने पश्चिमी सीरिया में रूस के हमीमिम वायुसैनिक अड्डे के लिए अपनी नियमित उड़ान भरी थी।
सीरिया के विनाशकारी गृहयुद्ध में अपने सहयोगी और देश के राष्ट्रपति बशर अल-असद के समर्थन में रूस सीरिया में सैन्य अभियान चला रहा है और इसके तहत हवाई हमलों को अंजाम देने के लिए रूस इसी रूसी वायुसैनिक अड्डे का इस्तेमाल करता है। मंत्रालय ने बताया कि विमान में चालक दल के आठ सदस्य भी सवार थे।
विमान में यात्रियों के अलावा नौ मीडियाकर्मी भी सवार थे, जिनमें सरकारी चैनलों — पर्वी कनाल, एनटीवी और ज्वेज्दा के तीन..तीन सदस्य थे। आशंका है कि हवाई परिवहन सुरक्षा में उल्लंघन के कारण ही दुर्घटना हुई।