Home Headlines मुझे जनता का भरपूर प्यार और साथ मिला : शिवराज सिंह चौहान

मुझे जनता का भरपूर प्यार और साथ मिला : शिवराज सिंह चौहान

0
मुझे जनता का भरपूर प्यार और साथ मिला : शिवराज सिंह चौहान
Shivraj Singh Chouhan completes ten years Chief Minister's office
Shivraj Singh Chouhan completes ten years Chief Minister's office
Shivraj Singh Chouhan completes ten years Chief Minister’s office

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को अपने पद पर दस वर्ष पूरे कर लिए हैं। उन्होंने 29 नवंबर, 2005 को पहली बार प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

प्रदेश में सूखा पडऩे के चलते मुख्यमंत्री ने अपने दस साल का कार्यकाल पूरा होने का उत्सव मनाने की जगह सादगी और सेवा की भावना से मनाने का निर्णय लिया हैं। शनिवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि दस सालों में उन्हें प्रदेश के हर वर्ग की जनता का भरपूर प्यार और साथ मिला हैं और अपने दस वर्ष के कार्यकाल से संतुष्ट हूं।

उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि, इस दौरान प्रदेश में काफी विकास हुआ है। उन्हें हर वर्ग का खूब प्यार मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि, हेल्थ और एजुकेशन पर लगातार काम जारी है।

गावों में हमने अस्पताल तो खोले, लेकिन वहां डाक्टरों की कमी है। इसे दूर करने 7 नये मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं।  इस दौरान प्रदेश से नक्सलवाद का सफाया हुआ है। वहीं अन्न उत्पादन के मामले में प्रदेश ने समूचे देश में पहला स्थान हासिल किया है।

शिवराज सिंह ने उन सभी अटकलों को नकार दिया, जिसमें उन पर ब्यूरोक्रेसी हावी होने की बात कही जा रही थी। उन्होंने कहा, मुझ पर ब्यूरोक्रेसी हावी नहीं है। मैं जैसा काम करता हूं, ब्यूरोक्रेसी भी वैसा ही करती है।

शराबबंदी पर शिवराज ने कहा कि प्रदेश में एक भी नई शराब की दुकान नहीं खोली गई है। उन्होंने कहा कि, सिर्फ एक आदेश से शराबबंदी हो सकती है, लेकिन उसमें कठिनाइयां हैं। इस पर हमें गंभीरता से सोचना होगा।

शिवराज का सेवा पर्व

मुख्यमंत्री के रूप में शिवराज सिंह चौहान के शुक्रवार को 10 साल पूरे कर लिए हैं। मुख्यमंत्री अपने इस कार्यकाल को ‘सेवा पर्व’ के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के साथ आगामी लक्ष्य को सेवा पर केंद्रित बताते हुए कहा है कि ‘मैं अपने आप को जनता का सेवक मानता हूं और व्यवहार में भी यह साफ देखा जा सकता है। यही मेरी पहचान है। इसलिए जनता की सेवा के मामले में यदि कोई कोताही बरतता है तो उसे बेलगाम होने की इजाजत नहीं दी सकती, चाहे कितना ही बड़ा व्यक्ति हो, उसे उसका मोल चुकाना होगा, जैसा कि किसानों के मामले में राजगढ़ कलेक्टर या आदिवासी आयुक्त को चुकाना पड़ा है।‘

ऐसे मनेगा सेवा पर्व

प्रदेश भर में एक माह तक चलने वाले सेवा पर्व पर भाजपा कार्यकर्ता और नेता गरीब बस्तियों में जाकर कम्बल बांटेंगे। शहर में स्वच्छता अभियान चलाएंगे। अस्पतालों में जाकर रक्त दान करेंगे। मरीजों को फल वितरण करेंगे। इसके अलावा जिलों के समाजसेवी और पार्टी के बुजुर्ग नेताओं का सम्मान किया जाएगा। ये पूरे कार्यक्रम मंडल स्तर तक होंगे। कार्यक्रम की पूरी जानकारी प्रदेश कार्यालय को भी भेजना होगी।

भाजपा कार्यालय में होगा सम्मान

प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी कल सम्मान समारोह रखा गया है। इस कार्यक्रम में भोपाल के समाजसेवियों का सम्मान किया जाएगा। शाम को चार बजे से होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे। उनके साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्त्रबुद्धे, राष्ट्रीय महासचिव रामलाल मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज, नरेंद्र सिंह तोमर और थावरचंद गेहलोत के शामिल होने की भी संभावना है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।