Home Rajasthan Ajmer सलेमाबाद में 3 करोड़ की लागत से बनेगा श्री निम्बार्काचार्य पैनोरमा

सलेमाबाद में 3 करोड़ की लागत से बनेगा श्री निम्बार्काचार्य पैनोरमा

0
सलेमाबाद में 3 करोड़ की लागत से बनेगा श्री निम्बार्काचार्य पैनोरमा

अजमेर। राज्य सरकार द्वारा करोड़ों लोगों की आस्था के केन्द्र श्री निम्बार्क सम्प्रदाय के बारे में सभी को जानकारी देने एवं जागरूकता बढ़ाने के लिए सलेमाबाद स्थित पवित्र सरोवर के किनारे श्री निम्बार्काचार्य पैनोरमा बनायी जाएगी।

करीब तीन करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले इस पैनोरमा में निम्बार्क सम्प्रदाय के उदभव से अब तक हुई आध्यात्मिक उन्नति की यात्रा तथा सम्प्रदाय के सभी पीठाधीश्वरों सहित विभिन्न जानकारियां उपलब्ध होंगी।

राज्य के विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक स्थानों के जीर्णोद्धार सहित आमजन में जागरूकता व आध्यात्म को बढ़ावा देने के लिए राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे कार्यों की कड़ी में इस पैनोरमा का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपनी बजट घोषणाओं में इस पैनोरमा निर्माण को स्वीकृति दी थी।

अखिल भारतीय श्री निम्बार्काचार्य पीठाधीश्वर श्रीश्याम शरण देव ने बुधवार को सलेमाबाद के पवित्र सरोवर के किनारे बनने वाले दो मंजिला पैनोरमा की आधारशिला रखी। राज्य सरकार के प्रतिनिधि के रूप में राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष औंकार सिंह लखावत, शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी, महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री अनिता भदेल, संसदीय सचिव सुरेश सिंह रावत, एडीए अध्यक्ष शिव शंकर हेड़ा एवं विधायक भागीरथ चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी इस महान क्षण के साक्षी बने।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय श्री निम्बार्काचार्य पीठाधीश्वर श्रीश्याम शरण देव ने कहा कि निम्बार्क सम्प्रदाय की इस पवित्र पीठ की धरती पर यह कार्य अदभुत है। धर्म और राजनीति का परस्पर पूरक होना समाज के लिए लाभदायक है।

धर्म का संरक्षण और उन्नति सदैव समाज को सुपथ पर आगे बढ़ाती है। राज्य सरकार द्वारा युवाओं में राष्ट्र भक्ति और संस्कृति के प्रति निष्ठा व जागरूकता बढ़ाने के प्रयास सराहनीय है। उन्होंने उपस्थित आमजन का आह्वान किया कि सदैव अपने धर्म और संस्कृति के उन्नयन के लिए प्रयत्नशील रहें।

राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष औंकार सिंह लखावत ने कहा कि मुख्यमंत्री राजे ने श्रीजी महाराज की इस तपोस्थली पर पैनोरमा निर्माण की घोषणा की थी। इसी घोषणा के अनुरूप यहां करीब 3 करोड़ रूपए की लागत से जोधपुरी पत्थर का दो मंजिला पैनोरमा बनवाया जाएगा।

रामदेवरा एवं प्रदेश के अन्य धार्मिक व सामाजिक स्थलों के उत्थान के लिए प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे प्रयासों के तहत यहां भी शीघ्र निर्माण कार्य पूरा होगा। इस पैनोरमा में निम्बार्क सम्प्रदाय के उदभव से अब तक की सभी जानकारियां उपलब्ध होंगी। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को सम्प्रदाय से जुड़ी प्रत्येक जानकारी सहज सुलभ हो जाएगी।

कार्यक्रम में अजमेर नगर निगम के उप महापौर संपत सांखला, किशनगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष सीताराम साहु, प्रो. बी.पी. सारस्वत, कवंल प्रकाश किशनानी, राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टीकम चंद बोहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।