Home Northeast India Assam असम के विकास के लिए केंद्र सरकार दृढ़ : राजनाथ सिंह

असम के विकास के लिए केंद्र सरकार दृढ़ : राजनाथ सिंह

0
असम के विकास के लिए केंद्र सरकार दृढ़ : राजनाथ सिंह
we will implement clause 6 of assam accord : Rajnath Singh
we will implement clause 6 of assam accord : Rajnath Singh
we will implement clause 6 of assam accord : Rajnath Singh

गुवाहाटी। असम के विकास के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह से दढ़ और संकल्पित है। असम का ग्रामीण विकास किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत किए बिना संभव नहीं है। यह बातें सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गुवाहाटी पहुंचने पर कही।

ज्ञात हो कि असम प्रदेश भाजपा की एक दिवसीय सांगठनिक सभा में हिस्सा लेने के लिए राजनाथ सिंह गुवाहाटी पुहंचे थे। उन्होंने असम समझौता, अंतरराष्ट्रीय सीमा सील करने के साथ ही अन्य कई महत्वपूर्ण व ज्वलंत मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकार की नीति को स्पष्ट किया।

गृहमंत्री ने कहा कि नोटबंदी के बाद स्थिति अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। उन्होंने देशवासियों का केंद्र सरकार का समर्थन और सहयोग करने के लिए आभार ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि राज्यवासियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए भाजपा और केंद्र सरकार असम समझौते को संवैधानिक सुरक्षा कवच के अनुरूप करेगी।

राजनाथ सिंह ने भारत-बांग्लादेश की खुली अंतरराष्ट्रीय सीमा को सील करने की बात को एक बार फिर दोहराई। उन्होंने बांग्लादेश के साथ भूमि हस्तांतरण के मुद्दे पर कहा कि राज्य से लगने वाली 223.75 किमी की खुली अंतरराष्ट्रीय सीमा को सुरक्षित करने के लिए अगले डेढ़ वर्ष में फेसिंग के काम को पूरा कर लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिपेक्ष्य में बांग्लादेश सदैव भारत के साथ खड़ा रहता है। केंद्रीय गृहमंत्री ने असम के आतंकवाद के संबंध में कहा कि हिंसा को सरकार कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगी। अगर कोई सरकार के साथ वार्ता के लिए सामने आता है तो उसका स्वागत है।

भाजपा नेता ने असम की सर्वानंद सोनोवाल सरकार की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि सोनोवाल के कामकाज के संबंध में कोई उंगली नहीं उठा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की पुरानी प्रशासन व्यवस्था को बदलना होगा।

उन्होंने कहा कि राज्य के विकास और राज्य को पुनर्जीवित करने के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि सर्वानंद सोनोवाल सरकार तथा केंद्र सरकार सदैव सत्यता और विकास के लिए काम कर रही है। इसी तरह दोनों सरकारें आगे बढ़ती रहेंगी।

किसानों के विकास के संदर्भ में गृहमंत्री ने कहा कि 2022 तक देश के किसानों की आय को दोगुना करने के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह से संकल्पबद्ध है। गांव के गरीब किसानों का विकास न होने तक राज्य के संपूर्ण विकास की बात करना बेमानी होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा कभी भी सांप्रदायिक राजनीति नहीं करती है। पार्टी केवल न्याय और मानवता के लक्ष्य को लेकर काम करती है। सभा में उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे आम लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए काम करें, जिससे आम लोग सरकार को अपने पास महसूस कर सकें।

उन्होंने केंद्रीय व राज्य सरकार की योजनाओं से राज्यवासियों को अवगत कराने की मांग की। गृहमंत्री ने राजधानी गुवाहाटी के शंकरदेव कलाक्षेत्र में भाजपा के सांगठनिक सभा में हिस्सा लेते हुए उपरोक्त बातें कही।

इस मौके पर मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, राष्ट्रीय महासचिव रामलाल, राष्ट्रीय महासचिव राम माधव, असम के नवनियुक्त भाजपा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास के साथ ही सांसद, विधायक, पूर्व सांसद व विधायक, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला अध्यक्षों के साथ ही काफी संख्या में लोग मौजूद थे।