भीलवाड़ा में पटवारी लोकेश जोशी एक हजार रुपए की रिश्वत लेते अरेस्ट

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को भीलवाड़ा जिले में करेडा तहसील के पटवार हल्का चिलेश्वर के पटवारी लोकेश जोशी को एक हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एसीबी भीलवाड़ा-प्रथम इकाई को शिकायत मिली कि परिवादी के पिता की मृत्यु के पश्चात परिजनों के नाम फौतगी नामांतरण खोलने की एवज में पटवारी द्वारा परिवादी से रिश्वत की मांग की जा रही है। परिवादी के पिता के नाम राजस्व रिकॉर्ड में विभिन्न खसरों में कृषि भूमि अवस्थित है।

परिवादी के पिता की मृत्यु के पश्चात परिवादी के परिजनों के नाम फौतगी म्यूटेशन खुलवाने के लिए परिवादी द्वारा पटवारी लोकेश जोशी से सम्पर्क किया तो नामांतरण खोलने की एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की, जिस पर परिवादी द्वारा हाथा जोडी करने पर आठ हजार रुपए लेने पर राजी हुआ।

परिवादी ने बताया कि पटवारी ने उससे पांच हजार रुपए गत 20 जून को ही ले लिये, अब और तीन हजार रुपए की मांग कर रहा है एवं रिश्वत राशि मांग का सत्यापन कराया गया तो परिवादी से एक हजार रुपए की रिश्वत ग्रहण की तथा हजार रुपए की रिश्वत बाद में लेने के लिये सहमत हुआ।

इस पर एसीबी भीलवाड़ा-प्रथम के नेतृत्व में टीम द्वारा ट्रेप कार्यवाही करने पर लोकेश जोशी ने अपनी मांग के अनुसरण में परिवादी से एक हजार रुपए लेकर अपनी जेब में रख लिए जहां से बरामद कर लिए गए। इसके बाद पटवारी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ तथा कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्जकर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।