मोदी ने जो कहा वो किया, इसलिए जनता का विश्वास बढ़ा : सीपी जोशी

चित्तौड़गढ। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जो कहा वो किया है, इसलिए जनता का विश्वास बढ़ा और देश में उनके मजबूत नेतृत्व में पिछले दस वर्षों में अकल्पनीय प्रगति की है।

जोशी शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत, विकसित राजस्थान कार्यक्रम के दौरान चित्तौड़गढ़ स्थित शहीद मेजर नटवर सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों, ग्रामवासियों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश को दी गई सौगातों के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में राजस्थान विकास के नए आयाम छू रहा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा मे राजस्थान अग्रिम व श्रेष्ठ रहा, प्रदेश की जनता को केन्द्र सरकार की योजनाओं का लाभ मिला साथ ही अनेक योजनाओं और परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ। आज प्रधानमंत्री मोदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि राजस्थान अनेक योजनाओं और कामों में देश में एक नम्बर पर आ गया है।

जोशी ने कहा कि मोदी के मजबूत नेतृत्व में पिछले दस वर्षों में देश ने अकल्पनीय प्रगति की है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के सपनो की उड़ान, किसानों की समृद्धि और खुशहाली के लिए अनेक काम हुए है, दुनिया में भारत का वैभव बढ़ा है, देश अर्थव्यवस्था में पांचवें नम्बर पर पहुंचा है और उनके तीसरे कालखंड में भारत शीघ्र ही तीसरे नम्बर पर पहुंचेगा।

उन्होंने कहा कि आज देश की जनता को नेतृत्व और भाजपा पर पूरा भरोसा है, प्रधानमंत्री मोदी ने जो कहा वो किया इसलिए यह भरोसा और ज्यादा बढ़ रहा है, इसी विश्वास के चलते हमें मोदी के हाथों को मजबूत करना है।