भारत को प्रौद्योगिकी के भविष्य के केन्द्र के रूप में देख रही है दुनिया : मोदी

0

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि यह दशक भारत में प्रौद्योगिकी का दशक बनने जा रहा है और दुनिया भी इसे मानते हुए भारत को प्रौद्योगिकी के भविष्य के केन्द्र के रूप में देख रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का बड़ा राज्य होने के साथ-साथ देश का सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का केन्द्र भी बनने जा रहा है।

मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीड़ा) में एचसीएल–फॉक्सकॉन संयुक्त उपक्रम परियोजना, इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत इस प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सोफ्टवेयर और हार्डवेयर दोनों पहलुओं पर एक साथ काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि हम सभी के लिए ये गर्व की बात है कि उत्तर प्रदेश भी भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का बड़ा केन्द्र बनने जा रहा है। एचसीएल और फॉक्सकॉन की ये नई फैक्ट्री प्रौद्योगिकी पॉवरहाउस के रूप में राज्य की नई पहचान को और सशक्त करेगी। यह दशक भारत का टैकेड है।

मोदी ने कहा कि इस दशक में भारत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जो कुछ कर रहा है वह 21वीं सदी के हमारे सामर्थ्य का आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि भारत को चिप विनिर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है इसके लिए देश में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का निर्माण जरूरी है।

प्रधानमंत्री ने भारत को दुनिया में भरोसेमंद साझेदार करार देते हुए कहा कि भारत जैसा लोकतांत्रिक देश दुनिया का एक भरोसेमंद साझेदार है। किसी भी मूल्य श्रृंखला में भारत की बढ़ती भागीदारी, उस श्रृंखला की मजबूत को ही बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारत को प्रौद्योगिकी के भविष्य के केन्द्र के रूप में देख रही है।