राष्ट्र स्तरीय कौमी एकता कार्यक्रम में प्रदीप कुमार कच्छावा सम्मानित

अजमेर/उदयपुर। जिला शन्ति व अहिंसा प्रकोष्ठ उदयपुर की ओर से दो दिवसीय राष्ट्र स्तरीय कौमी एकता कार्यक्रम लाभगढ पैलेस रिसोर्ट में आयोजित किया गया। महात्मा गांधी दर्शन समिति, अजमेर के संयोजक गोपाल बहेती ने बताया की अजमेर से महात्मा गांधी दर्शन समिति के कई कार्यकर्ता उदयपुर कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के पहले दिन 9 मार्च गुरुवार को महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण के बाद वीसी के जरिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सम्बोधित किया। महात्मा गांधी के विचारों को जानने व उन पर अमल करना, गांधी के सिद्धांतों से रूबरू होना। राजनीति में महात्मा गांधी दर्शन की प्रासंगिकता। गंगा-जमना तहज़ीब व संस्कृति, भाईचारा, कौमी एकता पर व्याख्यान हुआ।

कौमी एकता थीम पर शाम 7 बजे नुक्कड-नाटक का मंचन हुआ। गंगा जमना तहजीब थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। दूसरे दिन 10 मार्च को सुबह 7 बजे अहिंसा मार्च निकाला गया तथा सर्वधर्म प्रार्थना सभा हुई।

सर्वधर्म प्रार्थना करके सभी धर्मों का आदर करना, प्रभात फेरी के माध्यम से भजन-गीत गाए, स्वास्थ्य के लिए योगासन, सेवा के लिए श्रमदान का महत्व बताया गया। समापन सत्र में अजमेर के समाजसेवी प्रदीप कुमार कच्छावा को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उदयपुर कलक्टर ताराचंद मीणा, शान्ति व अहिंसा विभाग निदेशालय जयपुर के मनीष शर्मा, दिल्ली से कुमार कृष्णकान्त शर्मा, मुम्बई से मनोज ठाकरे, कश्मीर के खिदमतगार के अबदल खान, शहीद भगत सिंह के भान्जे जगनमोहन, पूर्व मंत्री डा. गिरजा व्यास उपस्थित रहे।