धर्म के आधार पर वोट देने की परम्परा बदलें : प्रियंका गांधी

चित्तौड़गढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भारतीय जनता पार्टी पर धर्म के आधार पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि मतदाताओं को इस बार धर्म के आधार पर वोट देने की परम्परा को बदल डालना चाहिए।

प्रियंका वाड्रा शुक्रवार को यहां चित्तौड़गढ़ जिले के पांचों कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि हम सब धार्मिक हैं और कोई धर्म मारना काटना नहीं सिखाता है हर धर्म आपस में प्रेम करो और सहायता करने का संदेश देता है लेकिन भाजपा धर्म के आधार पर राजनीति कर लोगों का ध्यान भटकाती है और राज करती है।

उन्होंने कहा कि जनता ने ही देश में यह राजनीति लागू होने दी है। उन्होंने कहा कि लोग इस राजनीति को आज नहीं समझेंगे तो फिर पांच साल और भुगतना, नहीं तो धर्म के आधार पर वोट देने की परम्परा बदल दो। प्रियंका ने राजस्थान की गहलोत सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस को वोट देने की अपील की।