श्रीगंगानगर। राजस्थान बार काउंसिल के 23 पदों के लिए जारी चुनाव में बुधवार को श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया के दौरान गंभीर विवाद छिड़ गया।
चुनाव अधिकारियों द्वारा मतदाता-अधिवक्ताओं से मतपत्र पर हस्ताक्षर करवाने पर हंगामा हो गया, जिसके कारण मतदान तुरंत रोक दिया गया। मतदान केंद्र को उपखंड अधिकारी द्वारा सील कर दिया गया और मतपत्र भी सील कर दिए गए।अब इस केंद्र पर दोबारा मतदान करवाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान बार काउंसिल चुनाव में कुल 234 उम्मीदवार 23 पदों के लिए मैदान में हैं। आज सुबह आठ बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। रायसिंहनगर के बार संघ कार्यालय में बने मतदान केंद्र पर अधिवक्ताओं को मतपत्र पर अपने हस्ताक्षर करने के निर्देश दिए गए। अधिवक्ताओं ने तुरंत इसका विरोध किया और कहा कि मतपत्र पर हस्ताक्षर करने से उनका वोट निरस्त माना जाएगा।
अधिवक्ताओं का कहना था कि मतपत्र पर मतदाता को अपनी पसंद के उम्मीदवार को वरीयताक्रम में रखते हुए सिर्फ टिक का निशान लगाना होता है।
आरोप है कि चुनाव अधिकारियों ने अधिवक्ताओं पर दबाव बनाया कि हस्ताक्षर नहीं किए गए तो मतपत्र ही नहीं दिया जाएगा।
चुनाव अधिकारियों का दावा था कि उन्हें ऊपरी स्तर से निर्देश मिले हैं कि मतदाता का हस्ताक्षर अनिवार्य है। कुछ अधिवक्ताओं ने इस निर्देश को मानते हुए सुबह आठ बजे से लेकर 11 बजे तक करीब 40 मत ही डाले दिए।
जैसे ही अन्य अधिवक्ताओं को इस बात की जानकारी मिली, उन्होंने भारी हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव अधिकारी गलत तरीके से काम कर रहे हैं और हस्ताक्षर वाले मतपत्रों को मतगणना के समय निरस्त कर दिया जाएगा। इस विवाद ने पूरे मतदान केंद्र को हिलाकर रख दिया।
रायसिंहनगर के उपखंड अधिकारी अवकाश पर होने के कारण श्रीबिजयनगर की उपखंड अधिकारी शकुंतला को स्थिति की निगरानी का जिम्मा सौंपा गया था। उन्होंने मौके पर पहुंचकर पूरी स्थिति का जायजा लिया और चुनाव प्रक्रिया के दिशा-निर्देशों का अध्ययन किया। शकुंतला ने भी मतपत्र पर हस्ताक्षर करवाए जाने को पूरी तरह गलत माना।
इस बीच, अधिवक्ता अशोक धायल, मोहनलाल बाना, रणवीर बिश्नोई, मानक सुथार, अनिल बिश्नोई, अनिल कड़वासरा, शिवनारायण बोला सहित कई अन्य अधिवक्ताओं ने लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के मुख्य चुनाव अधिकारी सचिन आचार्य को शिकायत भेजी।
इसके अलावा रायसिंहनगर बार संघ के कई अन्य सदस्यों ने अलग से प्रार्थना पत्र मुख्य चुनाव अधिकारी को प्रेषित किया। इसकी प्रतियां जिला कलेक्टर, जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीगंगानगर, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायसिंहनगर और एसडीएम रायसिंहनगर को भी भेजी गईं।
न्यायिक अधिकारियों के दखल के बाद पूर्वाह्न 11 बजे मतदान केंद्र को सील कर दिया गया। मतपत्र भी सील कर दिए गए। रायसिंहनगर प्रशासन ने इसकी सूचना तुरंत मुख्य चुनाव अधिकारी सचिन आचार्य को दे दी। रायसिंहनगर बार संघ में करीब 250 अधिवक्ता मतदान करने वाले थे। अब मुख्य चुनाव अधिकारी के निर्देश पर कुछ दिनों बाद इस केंद्र पर दोबारा मतदान करवाया जा सकता है।
यह भी पढें
राजस्थान उच्च न्यायालय जयपुर में बार संघ चुनाव रद्द



