लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक

जयपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश पदाधिकारियों की शनिवार को बैठक आयोजित की गई।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस बैठक में जिला अध्यक्ष, जिला संयोजकों के साथ विभिन्न मोर्चाध्यक्षों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री भजन लाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी, प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह एवं संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए मिशन 25 पर चर्चा की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के साथ गांव, गरीब और किसान के साथ महिलाओं के मुद्दे पर विशेष ध्यान केंद्रित करने पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की।

इस अवसर पर शर्मा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को पांच प्रण लेने होंगे जिसमें विकसित भारत का लक्ष्य, गुलामी के हर अंश से मुक्ति, अपनी विरासत पर गर्व, एकजुट भारत और नागरिक कर्तव्यों का पालन शामिल हैं। भाजपा की कार्य पद्धति के आधार पर संगठन के लिए कार्य करना होगा। भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों की प्रत्येक कार्यकर्ता पर नजर है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता का ध्येय और उद्देश्य साफ होना चाहिए। भाजपा की विकसित भारत संकल्प यात्रा में आज लोगों का उत्साह नजर आ रहा है। इस यात्रा में भाजपा के पदाधिकारियों की भागीदारी बढ़ानी होगी साथ ही श्री मोदी की योजनाओं से पात्र व्यक्तियों को जोड़ना होगा।

उन्होंने कहा कि मोदी की गरीब अन्न कल्याण योजना, पीएम आवास योजना, उज्जवला योजना, पीएम किसान सम्मान निधि योजना, पीेएम फसल बीमा योजना, आयुष्मान भारत योजना सहित सभी योजनाओं को विकसित संकल्प भारत यात्रा के शिविरों के माध्यम से जन जन तक लेकर जाना होगा वहीं वर्ष 2014 से पूर्व कांग्रेस के शासन काल के और मोदी के शासनकाल के कार्यों की तुलनात्मक चर्चा भी करनी होगी। इस दौरान नव मतदाता अभियान पोस्टर का विमोचन भी किया गया।

जोशी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बूते प्रदेश की सभी 25 सीटों पर कमल खिलाना है। इसके लिए भाजपा पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर जाकर लाभार्थियों से संवाद करने के साथ ही केंद्रीय योजनाओं का प्रचार प्रसार करना होगा। लोकसभा चुनावों में भाजपा का मत प्रतिशत कैसे बढ़े इस दिशा में भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ, गांव और मंडल स्तर पर कार्य करना होगा। समाज के अंतिम छोर पर बैठे वंचित गरीब सहित महिलाओं से संवाद स्थापित कर महिला सशक्तीकरण जैसे विषयों पर भी चर्चा करनी होगी वहीं आज हमें आधी आबादी के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं को शुरू कर उन्हे भाजपा से जोडना होगा। भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता को अपना काम तय करना होगा और उसके लिए समय सीमा तय करनी होगी।

सिंह ने लोकसभा चुनावों की तैयारियों की रूपरेखा तैयार करने के लिए सभी पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि जिस तरह भाजपा के पदाधिकारियों ने विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का कार्य किया था, उसी रूप रेखा के साथ लोकसभा चुनावों में भी हमें संगठित होकर काम करना होगा। अब हमारा लक्ष्य प्रदेश की 25 की 25 सीटों पर कमल खिलाना है। इसके लिए सभी का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियां होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा में 25 सीटों पर कमल खिलाने के लिए हमें ब्लॉक, ग्राम, पंचायत, जिला मुख्यालय सहित शहरी स्तर पर सदस्यता अभियान चलाना होगा।

उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान में सभी को शामिल कर सकते है फिर चाहे वो कांग्रेसी विचारधारा से ही क्यों ना हो। हमें सभी को भाजपा से जोड़ने पर जोर देना है और इन्हें सदस्य बनाना है। इसके साथ ही हमें मत प्रतिशत बढाने, संगठन की संरचना, पुराने और नाराज कार्यकर्ताओं से संपर्क करना होगा।

चन्द्रशेखर ने कहा कि आज हमें मिशन 25 का लक्ष्य तय कर कार्य योजना बनानी होगी। प्रदेश स्तर पर रूपरेखा तैयार कर ली गई है, इस रूप रेखा को जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर पर मूर्त रूप देना होगा। श्री मोदी की मूल भावना समाज के वंचित, गरीब, दलित और पिछड़ों से कनेक्ट होना है। इस पर ही प्रत्येक कार्यकर्ता को कार्य करना है। भाजपा पार्टी के साथ भाजपा नेताओं व पदाधिकारियों की छवि गरीब के नेता की होनी चाहिए, इसके लिए हमें जमीनी स्तर पर कार्य करना होगा।

उन्होंने कहा कि आज देश में किसी की गारंटी चलती है तो वह प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी है। आमजन को भी मोदी की गारंटी पर विश्वास हो रहा है। इसी विश्वास को जन-जन तक पहुंचाना है। भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को बहुत बडे मन से कांग्रेस का सफाया करना है और आमजन को मोदी की गारंटियों पर विश्वास दिलाना है।

राजस्थान में अगले 30 से 40 सालों तक भाजपा की स्थाई विजय के लिए कार्य करना होगा। इसके लिए पन्ना प्रमुख, मोर्चा व प्रकोष्ठ, अंतिम ईकाई की सक्रियता और सभी के साथ समन्वय बनाने और विभिन्न विचारधारा वाले संगठन व लोगों के साथ समन्वय जैसे विषयों पर कार्य करना होगा। भाजपा की ओर से कलस्टर प्रवास, लोकसभा प्रवास और विधानसभा प्रवास तीन स्तर पर कार्य करना होगा। प्रदेश में 30 जनवरी तक लोकसभा कार्यालय खोलना होगा।

भाजपा प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर ने भाजपा पदाधिकारी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हमें महिलाओं की जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर पर टोलियां बनाकर भाजपा की नीतियों का प्रचार प्रसार करना होगा। इस टोली का काम महिला लाभार्थियों के पास जाना और उनसे संवाद करने के साथ ही मोदी की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताना होगा। इसमें लखपति दीदी योजना या फिर ड्रोन योजना से महिलाओं को लाभ दिलाना होगा।

बैठक में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. अल्का गुर्जर, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, श्रवण सिंह बगड़ी, सी आर चौधरी, सरदार अजयपाल सिंह, संतोष अहलावत, प्रभुलाल सैनी, बाबा बालकनाथ, सुखवीर जोनपुरिया, चुन्नीलाल गरासिया, युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी आदि मौजूद थे।