अंत्योदय के सपने को साकार करने के लिए राजस्थान सरकार प्रतिबद्ध : भजनलाल

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने राज्य सरकार को अंत्योदय के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध बताते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अमृतकाल में नए भारत का विजन देश के लिए एक नया सवेरा है तथा यह विचार अब देशभर में गर्वनेंस का मॉडल बन गया है।

शर्मा शुक्रवार को सीतापुरा के जेईसीसी में विकसित भारत-विकसित राजस्थान कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के प्रण तथा स्वामी विवेकानंद के ध्येय पर चलते हुए गरीब कल्याण के लिए अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा से करोड़ों लोगों को सम्बल मिला है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के उद्देश्य को प्राप्त करने में कई मानकों में राजस्थान देश में अग्रणी रहा है। प्रदेश में यात्रा के शिविरों में 3.70 करोड़ लोगों ने भागीदारी की है तथा 95 लाख आयुष्मान भारत कार्ड की ई-केवाईसी की गई है। साथ ही, यात्रा के दौरान 15.31 लाख किसान क्रेडिट कार्ड तथा पीएम उज्ज्वला योजना में लगभग 8 लाख पंजीकरण किए गए हैं। इन सभी मानकों पर राजस्थान देश में पहले स्थान पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल संसाधनों की कमी विकास में हमेशा एक बड़ी बाधा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेशवासियों को पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) की बड़ी सौगात मिली है, जिससे पूर्वी राजस्थान में पेयजल और सिंचाई के लिए जलापूर्ति बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आज हुए इन परियोजनाओें के शिलान्यास एवं लोकार्पण से राज्य के सड़क, रेलवे, सौर ऊर्जा, विद्युत ट्रांसमिशन, पेयजल तथा पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी।

इस अवसर पर विधायक गोपाल शर्मा एवं कैलाश चन्द वर्मा, मुख्य सचिव सुधांश पंत, ग्रामीण विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। साथ ही राज्य की सभी विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में योजनाओं के लाभार्थी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े।

मोदी ने जो कहा वो किया, इसलिए जनता का विश्वास बढ़ा : सीपी जोशी

क्रीड़ा भारती की ओर से 108 सामूहिक ‘सूर्य नमस्कार’ का आयोजन