अजमेर/जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की धर्मपत्नी इंद्रा देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बागड़े ने ईश्वर से पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा विधानसभा अध्यक्ष देवनानी की पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त करने मंगलवार को अजमेर आएंगे। वे सुबह 10.05 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके पश्चात 10.40 बजे अजमेर में संत कंवरराम कॉलोनी वरूण सागर रोड स्थित विधानसभा अध्यक्ष देवनानी के निवास स्थान पर पहुंचेंगे। वे यहां विधानसभा अध्यक्ष देवनानी की पत्नी इन्दिरा देवनानी के निधन पर शोक व्यक्त करेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री का पुनः जयपुर प्रस्थान का कार्यक्रम है।
ज्ञातव्य है कि राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पत्नी इंदिरा देवनानी का जयपुर के एसएमएस अस्पताल में सोमवार को निधन हो गया। वे कुछ समय से बीमार थी तथा उनका उपचार चल रहा था। उनकी पार्थिव देह को अस्पताल से सिविल लाइन स्थित उनके राजकीय निवास पर ले जाया गया।
मंगलवार सुबह 6 बजे पार्थिव देह जयपुर से अजमेर स्थित निवास लायी जाएगी तथा सुबह 10.30 बजे अंतिम यात्रा रवाना होगी। ऋषि घाटी श्मशान में अंतिम संस्कार होगा।
 
 


