राजस्थान के टोंक में बनास नदी में डूबने से जयपुर के 8 युवकों की मौत

जयपुर/टोंक। राजस्थान के टोंक में बनास नदी में डूबने से मंगलवार को आठ युवकों की मौत हो गई तीन लोगों की नदी में नहीं उतरने से जान बच गई।

पुलिस के अनुसार जयपुर के रहने वाले 11 लोग फ्रेजर पुल बनास नदी में पिकनिक मनाने आए थे और उनमें से आठ लोग बनास नदी में नहाने उतर गए। इस दौरान नदी के पानी में गहराई में चले जाने पर वे डूबने लगे। वहां मौजूद अन्य लोगों के चिल्लाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और डूबे लोगों को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक वे दम तोड़ चुके थे। जयपुर से घूमने गये लोगों में तीन लोग नदी में नहीं उतरने से बच गये। डूबने वाले युवक जयपुर के हसनपुरा, घाटगेट, पानीपेच कच्ची बस्ती एवं रामगंज के रहने वाले थे।

पुलिस ने बताया कि इनकी पहचान नौशाद (35), कासिम, फरहान तीनों निवासी हसनपुरा, रिजवान (26) निवासी घाटगेट, नवाब खान (28) निवासी पानीपेच कच्ची बस्ती, बल्लू निवासी घाटगेट, साजिद (20) निवासी पानीपेच कच्ची बस्ती, नावेद (30) निवासी रामगंज बाजार की मौत हो गई। इनमें से पांच एक ही परिवार से हैं। सभी आपस में रिश्तेदार हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि नदी का यह हिस्सा पुराने पुल के पास है जो गहरा है। यहां कोई चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। इसकी जानकारी नहीं होने से जिन्हें तैरना नहीं आता वे भी इधर नहाने चले जाते हैं।

हादसे पर राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी तथस कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। बागडे ने ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

इसी तरह शर्मा ने हादसे पर शोक जताते हुए दिवंगत आत्माओं को शांति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना बहुत दुःखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को घटनाक्रम पर सतत् निगरानी रखने के लिए निर्देंशित किया। उन्होंने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को सहायता उपलब्ध कराने के निर्देंश भी दिए।

इसी प्रकार देवनानी ने कहा कि युवको की डूबने से हुई मृत्यु का समाचार अत्यंत दुख्द और पीड़ादाय है। ईश्वर से दिवंत आत्माओं को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर दुख प्रकट किया और कहा कि टोंक में बनास नदी में डूबने से आठ युवकों की मृत्यु होना अत्यंत ही दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल माता- पिता एवं परिजनों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं सरकार यह सुनिश्चित करें कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। श्री गहलोत ने ईश्वर से मृतकों की आत्मा को शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य तथा संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

इसी तरह उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेम चंद बैरवा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट एवं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई नेताओं ने इस हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया और दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।