अजमेर। भाई बहन के अटूट रिश्तों का पर्व रक्षा बंधन शनिवार को पारंपरिक रीति रिवाज और उत्साह के साथ मनाया गया। बहनों ने शुभ मुहूर्त में अपने भाईयों के तिलक कर कलाई पर राखी बांधी तथा मुंह मीठा कराया। इस मौके पर भाईयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लिया।
रक्षा बंधन पर बहनों ने सेंट्रल जेल में बंद अपने कैदी भाईयों को राखी बांधी तथा तिलक कर उन्हें मिठाई खिलाई। भाई से मिलने के दौरान कई बहनों की आंखे नम हो गई।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ रक्षा बंधन उत्सव को धूमधाम से मनाता आया है। इस बार भी संघ की शाखाओं पर स्वयंसेवकों ने एक दूसरे को रक्षा सूत्र बांधे।
इसी तरह पुष्कर में भटबाय गणेश मंदिर मार्ग पर स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में समाजसेवी व प्रबुद्धजनों ने उम्मीद डे केयर के दिव्यांग बच्चों एवं वृद्धजनों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षा बंधन पर्व मनाया साथ ही उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
सावन मास की पावन पूर्णिमा एवं रक्षा बंधन के उपलक्ष्य में देर शाम पुष्कर दिव्य महाआरती संघ एवं सनातन धर्म रक्षा संघ अजयमेरु के संयुक्त तत्वावधान में जयपुर घाट पर पुष्कर सरोवर की दिव्य महाआरती का आयोजन किया गया।
राजस्थान रोडवेज में फ्री यात्रा
रक्षा बंधन के अवसर पर राज्य सरकार ने रोडवेज बसों में दो दिन 9 व 10 अगस्त को निशुल्क यात्रा का तोहफा दिया। इससे राखी पर रोडवेज बस स्टेंडों पर भारी संख्या में महिलाओं की भीड नजर आई।
बाजारों में रही खासी रौनक
राखी के त्योहार के मद्देनजर शहर के मुख्य बाजारों के साथ ही गली मोहल्लों में दुकानों पर खासी ग्राहकी हुई। पुरानी मंडी, मदार गेट, डिग्गी बाजार में बाजारों की रौनक परवान पर रही। बहनों ने राखियों और मिठाई खासकर घेवरों की जमकर खरीदारी की।