अन्तरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर संयुक्त श्रमिक समन्वय समिति की रैली व आम सभा

0

शहीदों को यादकर संगठित रहने का संकल्प’’
अजमेर। संयुक्त श्रमिक समन्वय समिति, अजमेर के तत्वावधान में अजमेर की 18 ट्रेड यूनियनों ने संयुक्त रूप से अन्तरराष्ट्रीय मजदूर दिवस का आयोजन किया।

नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉईज यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष एवं मण्डल सचिव मोहन चेलानी ने बताया कि संयुक्त श्रमिक समन्वय समिति के बैनर तले जीसीए चौराहा से कर्मचारी संगठनों ने रैली निकाली जो केसंरगंज, लाल कोठी, पडाव, स्टेशन रोड होते हुए रेलवे स्टेशन प्रागंण में पहुंचकर विशाल आम सभा में परिवर्तित हो गई। रैली में कर्मचारी बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और ठेका प्रथा के विरोध में नारे लगा रहे थे। रोजगार की गारन्टी, महानरेगा, न्यूनतम वेतन की गारन्टी, पेन्शन की गारन्टी, सामाजिक सुरक्षा की मांग को लेकर हाथों में तख्तियां थामें रहे।

यूनियन के महासचिव मुकेश माथुर ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि एक मई 1986 को शिकागों (अमरीका) में काम के घण्टे तय करने सहित अन्य मांगों के लिए संघर्षरत हजारों श्रमिकों पर अत्याचार करते हुए गोलियां चलाई गई जिसमें अनेक श्रमिक शहीद हो गए। इस आन्दोलन ने श्रमिकों में चेतना जगाने का कार्य किया और विश्वभर में श्रमिक आन्दोलन ने जन्म लिया। शिकागों के शहीदों की याद में प्रतिवर्ष पूरे विश्व में 1 मई को मजदूर दिवस का आयोजन किया जाता है।

विश्व में औद्योगीकरण के साथ श्रमिकों ने संगठित होने का महत्व समझा। भारत देश में भी आजादी से पूर्व संगठित मजदूर संगठनों ने कपडा मिलों, चाय बागानों, कृषि और रेलवे उद्योग आदि में संगठित रूप से संघर्ष शुरू कर दिए थे। वर्तमान में देश में आमजन बेराजगारी आर महंगाई से त्रस्त हैं। किसानों की वर्ष पर्यन्त की मेहनत के बदले न्यूनतम मजदूरी के बराबर भी मेहनताना नहीं मिल रहा है। महानरेगा का बजट कम करके इससे उत्पन्न रोजगार की संख्या में कमी की जा रही हैं। गांवों से शहरों में पलायन से आज शहरों में भी महानरेगा जैसी रोजगार की गारन्टी की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि ऑल इण्डिया रेलवेमैन्स फैडरेशन ने आठवें वेतन आयोग को अपना ज्ञापन देकर केन्द्रीय कर्मचारियों की बेहतर जीवन शैली, कार्य का वातावरण और वेतन भत्तों में सुधार की मांग की है। वेतन आयोग की अध्यक्षा महिला है, इसलिए महिलाओं को भी उनसे बहुत अपेक्षाएं हैं, हमें उम्मीद है कि वेतन आयोग की सिफारिशें हमारा बेहतर जीवन स्तर बनाने में सहयोग करेगी।

वरिष्ठ मजदूर नेता डीएल त्रिपाठी ने कहा कि देशभर में ठेका प्रथा को बढावा मिला है। सरकारी उपक्रमों में न्यूनतम ठेका दरों के नियम से ठेका मजदूरों का शोषण बढा है। न्यूनतम मजदूरी अधिनियम और काम घण्टों के नियमों की पालना नहीं की जा रही है। ट्रेड यूनियनों की मांग है कि समान कार्य के लिए समान वेतन के सिद्धान्त पर ठेका कर्मियों का भुगतान किया जाए। देशभर के युवा एक देश-एक पेन्शन की नीति पर पुरानी गारन्टीड पेन्शन के लिए संघर्षरत हैं। लेकिन जिन राज्यों में एनपीएस समाप्त करके ओपीएस लागू की गई, उन पर भी प्रश्न चिन्ह लगा दिया गया है।

भारतीय जीवन बीमा निगम के उमेश उपाध्याय, मेडिकल रिप्रजेन्टेटिव यूनियन के विजय सिंह, एससी-एसटी यूनियन के विनोद चौहान, अरूण गुप्ता, एसएस सिन्हा ने कहा कि देशभर में रेलवे बैंक, बीमा, सहित सभी सरकारी विभागों में लाखों रिक्त पद उपलब्ध होने के बावजूद नई भर्ती, कछुआ चाल से चल रही है। रिक्तियों एवं काम के दबाव से सरकारी कर्मचारी तनाव में है। गत वर्षो में देश की जीडीपी एवं कर संग्रहण में वृद्धि का लाभ किसानों और मजदूरों को नहीं मिल रहा है। सरकारी कर्मचारी आठवें वेतन आयोग से उम्मीद लगाए हैं कि इस तनावग्रस्त माहौल में काम की परिस्थितियों में सुधार होगा।

इस अवसर पर नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉईज यूनियन, राजस्थान प्रदेश बैंक एमलॉईज यूनियन, राज. स्टेट रोडवेज एम्पलॉईज यूनियन (एटक), हिन्द मजदूर सभा, सीआईटीयू, एटक, एचएमटी एम्पलॉईज यूनियन, अजमेर जिला भवन एवं निर्माण मजदूर यूनियन, ऑल इंडिया पोस्टल एम्पलॉईज यूनियन, सीपीडब्ल्यूआई ऑफिस स्टॉफ एसोसिएशन, सीजीपीए, नॉदर्न जोन इंश्योरेंस एम्पलॉईज ऐसोसिएशन, राज. राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत), मेडिकल एवं सेल्स रिप्रजेन्टेटिव यूनियन, इंजीनियरिंग लघु उद्योग एम्पलॉईज यूनियन, फूड इण्डस्ट्रीज एम्पलॉईज यूनियन, बी.एस.एन.एल. एम्पलॉईज यूनियन, इनकम टैक्स एम्पलॉईज फैडरेशन, दरगाह कमेटी कर्मचारी विकास संगठन, यूएफबीयू के राजीव शर्मा, मोहन चेलानी, उमेश उपाध्याय, अरूण गुप्ता, विनोद चौहान, कॉ. विजय सिंह, एसएस सिन्हा, सुमेर सिंह शेखावत, जेपी गुडेश्वर, निरंजन वर्मा, असकर खान, राजकुमार गोरा, गिरीराज उपाध्याय, विपुल सक्सैना, श्वेता हैरिस, नेहा गुर्जर, गजानन्द मावर, कमलेश शर्मा ने भी सम्बोधित करके शिकागो के शहीदों को याद कर संगठित रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन जगदीश सिंह और अध्यक्षता राजीव शर्मा ने की।