राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा प्रशंसनीय : चंपत राय

अयोध्या। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की तारीफ करते हुए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में एक नौजवान भीषण ठंड में देश भर में पैदल चल रहा है, यह प्रशंसनीय है।

राय ने श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ राम मंदिर निर्माण की प्रगति की बैठक करने के बाद मंगलवार देर शाम कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में एक नौजवान भीषण ठंड में देश भर में पैदल चल रहा है। यह प्रशंसनीय है। हमने कभी भी इस यात्रा का विरोध अथवा निंदा नहीं की। न तो संघ न ही देश के प्रधानमंत्री ने उनकी यात्रा की आलोचना की है।

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविन्द देव गिरी ने भी यात्रा को स्वागत योग्य बताते हुए कहा कि भारत माता का नाम लेकर जो भी कुछ करता है, वह कोई भी हो, हम उसकी सराहना करेंगे। उनकी यात्रा से भारत जुड़ रहा है या नहीं यह नहीं पता लेकिन राष्ट्र को जुडऩा चाहिए।

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों की अचानक हुयी बैठक में राम मंदिर निर्माण की प्रगति पर चर्चा की गयी। इसके अलावा श्रीरामजन्मभूमि में स्थापित होने वाली रामलला की अचल मूर्ति के रंगरूप स्वरूप, ऊंचाई आदि पर भी मंथन किया गया।

ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने बताया कि अभी गर्भगृह में प्रतिष्ठित किये जाने वाला विग्रह कैसा हो उसको लेकर चर्चा की जा रही है। बैठक में महाराष्ट्र के मूर्तिकला के तीन विशेषज्ञ भी मौजूद रहे जिन्होंने कुछ मॉडल भी दिखाए। इनमें जाने माने मूर्ति विशेषज्ञ पद्म विभूषण सुदर्शन भी शामिल रहे। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष देवेन्द्र देव गिरी ने बताया कि अचल मूर्ति के स्वरूप पर मंथन किया जा रहा है। हम चाहते हैं कि जो भी निर्णय हो वह सर्वमान्य हो। मूर्ति भक्तों की भावनाओं के अनुरूप हो।

रामलला विराजमान के मुख्य पुजारी ने राहुल को दी शुभकामना

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में जन्मभूमि पर विराजमान रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को शुभकामना दी है।

दास ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस के कुछ नेताओं ने मुझसे मिल कर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। मैं भारत जोड़ो यात्रा में शामिल तो नहीं हो पाऊंगा लेकिन मेरी शुभकामनाएं इस यात्रा के साथ हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जो लक्ष्य लेकर चल रहे हैं वह देश जोडऩे की यात्रा के माध्यम से पूर्ण हो और उसमें आपको सफलता भी मिले। आप स्वस्थ रहें, दीर्घायु रहें, देश के हित में जो भी काम कर रहे हैं वह वस्तुत: सर्वजन सुखाय, सर्वजन हिताय है, इसी मंगल कामना के साथ शुभ आशीर्वाद और प्रभु रामलला की कृपा आपके ऊपर बनी रहे।