सिरोही में निकला राष्ट्र सेविका का समिति का पथ संचलन, देखने को थमे हर कदम

सिरोही। राष्ट्र सेविका समिति जालोर विभाग का पथ संचलन शुक्रवार को सिरोही जिला मुख्यालय पर रामझरोखा मंदिर प्रागंण से निकला। संगठित नारी संगठित समाज के उद्घोष के साथ सैकड़ों मातृशक्तियां कदमताल करते हुए निकलीं तो नगर उन्हें देखने थम सा गया।

राष्ट्र सेविका समिति की वर्ग कार्यवाहिका अलका गुप्ता ने बताया राष्ट्र सेविका समिति के गणवेश धारी स्वयंसेविकाओं ने नगर के मध्य कदम से कदम मिलाते हुए पथ संचलन कर अनुशासन का परिचय दिया। नारी शक्ति में जागृति उत्पन्न कर, उसे एकजुट करना एवं उसे राष्ट्र निर्माण के कार्य में लगाने के उद्द्देश्य से स्थापित हुए राष्ट्र सेविका समिति का सिरोही में ये पहला पथ संचलन है।

उन्होंने बताया कि पथ संचलन के पूर्व रामझरोखा मंदिर प्रागंण में स्वयंसेविकाओं का एकत्रीकरण हुआ जहां भगवा ध्वज फहराने के साथ नमामो वयं मातृभू पुण्य भुस्त्वाम त्वया वर्धिता संस्कृता स्वत सुतारू अये वत्सले मंगले हिन्दू भूमे स्वयं जीवितान्य प्रयामत्सवयी प्रार्थना आयोजित की गई।

पथ संचलन में भगवा ध्वज लेकर ध्वज वाहिनी व छह गण के साथ महिलाएं गुलाबी धारी वाली साड़ी और सलवार सूट की गणवेश पहने हुए थीं। दोपहर 3 बजे रामझरोखा मंदिर प्रांगण से आरंभहुआ विराट पथ संचलन 3 किलोमीटर लम्बा मार्ग तय करता हुआ आयुर्वेदिक अस्पताल, कुम्हारवाड़ा, सरियादेवी मंदिर, भागीरथ महादेव मंदिर, सदर बाजार, खंडेलवाल मंदिर,खारी बावड़ी गणेश जी मंदिर, स्वामीनारायण मंदिर, सुनार वाड़ा, बग्गीखाना, सर केएम स्कूल, कॉलेज रोड होते हुए शाम 4 बजे अहिंसा सर्किल पहुंचा।

गुप्ता ने बताया कि गणवेश पहने नन्हीं स्वयंसेविकाओं से लेकर बड़ी उम्र की महिला कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। उन्होंने बताया कि आणक, प्रणव और शंख से सजा घोष दल आकर्षण का केन्द्र रहा। घोष दल के साथ मुख्य मार्गों से निकला यह संचलन सभी को अपनी ओर आकृष्ट करता दिखा। संचलन के मार्ग में घोष दल के द्वारा किरण, उदय, श्री राम समेत विभिन्न रचनाओं का प्रदर्शन किया गया। सबसे पीछे खुली जीप में भारत माता की झांकी सजाई गई थी। स्वयंसेविका नेे भगवा ध्वज को हाथों में थाम रखा था।

पथ संचलन का उद्देश्य कदम से कदम मिलाकर चलने और समाज के बीच एकता का संदेश देने का है। संघ का मुख्य कार्य राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत कर समाज में एकात्मता का भाव भरने का भी है। पथ संचलन में संघ के स्वयंसेवक अपने प्रशिक्षण काल में की साधना को समेकित रूप से प्रकट करते हैं। पथ संचलन में राष्ट्र सेविका समिति की जिला कार्यवाहिका चित्रलेखा जोशी, वर्गाधिकारी प्रतिभा आर्य, मुख्य शिक्षिका नेहा सोनी, विभाग विस्तारिका वणिका सहित कई सेविकाएं उपस्थित थी।

पथ संचलन का जगह जगह स्वागत

मार्ग में विभिन्न संस्थाओं की ओर से नगर के मुख्य मार्गों पर बनाए गए तोरण द्वारों पर स्वयंसेविकाओं के पथ संचलन का जगह जगह स्वागत हुआ जिसमें प्रमुख रूप से खण्डेलवाल समाज, गायत्री शक्ति पीठ परिवार, प्रजापति समाज, व्यापार महासंघ, कपडा एशोसियेशन, र्स्वणकार समाज, घांची समाज, माली समाज, राजपूत समाज, ब्राह्मण समाज, भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल, विद्यार्थी परिषद,विश्व हिंदू परिषद के साथ अनेक संस्थाओं ने जगह जगह पुष्प वर्षा कर नारी शक्ति का अभिवादन किया।