चूरू के रतनगढ़ में किराना की दुकान से तीन लाख रुपए चोरी

0

चूरू। राजस्थान में चूरू जिले के रतनगढ़ शहर में शुक्रवार को किराना की एक दुकान से तीन लाख रुपए से भरा थैला चोरी हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि थैले में दुकान के बही-खाता भी थे। पूर्वी बाजार में ओमप्रकाश चौधरी की किराना की दुकान में सुबह उसके पुत्र पुनीत ने दुकान खोली ही थी, तभी तीन ग्राहक आ गए। ग्राहकों को दुकान पर आया देखकर पुनीत ने रुपए का थैला दुकान के अंदर गद्दी पर रख दिया। थैले में तीन लाख रुपए तथा दुकान के बही-खाता के कागजात थे।

पुलिस ने बताया कि पुनीत ग्राहकों को सामान देने लगा, तभी वहां एक युवक आया और उसने पुनीत से कहा कि उसकी चप्पलें दुकान के बाहर इतनी दूर क्यों पड़ी हैं। पुनीत चप्पलों को दुकान के पास लाने के लिए चला गया, तभी गद्दी पर रखा रुपए का थैला गायब हो गया। पुनीत को इसका कुछ देर बाद पता चला, जब ग्राहक सामान लेकर चले गए।

पुनीत ने तुरंत आसपास के दुकानदारों को बताया और पुलिस को भी घटना की सूचना दी। पुनीत की दुकान के सामने की दुकान पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस ने कैमरों की फुटेज की जांच की। इसके बाद थैला ले जाने वाले संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी गई है।