भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के सदर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह की बुधवार को उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम लोकपाल सिंह अपने सरकारी आवास पर ड्यूटी के लिए निकलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चल गई, जो उनके सिर में जा लगी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल भेज दिया गया।
गीतांजलि अस्पताल में चिकित्सकों का दल लगातार उनका उपचार कर रहा था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ले ली। लोकपाल सिंह के निधन की सूचना मिलते ही भीलवाड़ा पुलिस महकमे में शोक की लहर छा गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। घटना की परिस्थितियों की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किन परिस्थितियों में चली। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि लोकपाल सिंह के निधन से पुलिस विभाग ने एक कर्मठ, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी को खो दिया है।



